CBI files chargesheet against Samarth Singh, Giribala Singh in Twisha Sharma death case
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पूर्व अभिनेत्री-मॉडल त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
त्विषा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पायी गयी थीं।
अधिकारियों ने बताया कि भोपाल की एक विशेष अदालत में दायर आरोप-पत्र में सीबीआई ने आरोप लगाया है कि समर्थ और पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला, दोनों ने त्विषा को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि उन्हें अपनी जान देने के अलावा कोई और विकल्प नजर नहीं आया।
उन्होंने कहा कि सीबीआई ने मां और बेटे पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया, साथ ही दहेज की मांग और दहेज के कारण कथित मौत के दावों की जांच जारी रखी।
त्विषा के भाई आशीष शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि सीबीआई ने त्विषा के साथ की गई प्रताड़ना के अलावा इस बात की भी तथ्यात्मक जानकारी दी है कि पीड़िता के साथ किसने क्या किया। इसमें त्विषा को दी गई मानसिक प्रताड़ना का भी उल्लेख है। आशीष ने कहा कि इन सभी बातों से यह स्पष्ट हो गया कि त्विषा के सामने कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था।
त्विषा के परिवार ने समर्थ और गिरिबाला पर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, शारीरिक हिंसा करने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
त्विषा ने पिछले साल दिसंबर में समर्थ से शादी की थी और 12 मई को वह अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि समर्थ उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भोपाल ले गए थे। उन्होंने दावा किया था कि त्विषा ने रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर घर में फांसी लगा ली थी।