कनाडा तहव्वुर राणा की नागरिकता को रद्द करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा : रिपोर्ट

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-02-2026
Canada moving forward with revoking Tahawwur Rana's citizenship: Report
Canada moving forward with revoking Tahawwur Rana's citizenship: Report

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की भारत यात्रा से पहले कनाडा की सरकार 2008 के मुंबई आतंकी हमले में अहम भूमिका निभाने के आरोपी पाकिस्तान मूल के व्यवसायी तहव्वुर राणा हुसैन की नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।
 
राणा (64) पाकिस्तान में जन्मा कनाडाई नागरिक है और 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के प्रमुख साजिशकर्ताओं में से एक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी रहा है। हेडली अमेरिकी नागरिक है।
 
‘ग्लोबल न्यूज’ को मिले दस्तावेजों के अनुसार, आव्रजन अधिकारियों ने राणा को सूचित किया है कि वे 2001 में उसे प्राप्त उसकी कनाडाई नागरिकता छीनने पर विचार कर रहे हैं।
 
राणा 1997 में कनाडा आया था और बाद में अमेरिका में एक डेनिश अखबार के कर्मचारियों पर हमले की साजिश रचने के आरोप में दोषी ठहराया गया था।
 
मुंबई में 26/11 हमले के कथित मास्टरमाइंड राणा को अप्रैल 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। नयी दिल्ली पहुंचते ही राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। मुंबई हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी।
 
रिपोर्ट के अनुसार, ‘आव्रजन, शरणार्थी और नागरिकता कनाडा (आईआरसीसी)’ ने अपने निर्णय में कहा कि राणा की नागरिकता आतंकवाद के आरोप में नहीं, बल्कि आवेदन पत्र में झूठी जानकारी देने के कारण रद्द की जा रही है।
 
राणा ने 2000 में नागरिकता के लिए आवेदन करते समय दावा किया था कि वह पिछले चार वर्षों से ओटावा और टोरंटो में रह रहा था और केवल छह दिन ही देश से बाहर रहा।