आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस की अरुणाचल प्रदेश इकाई ने शनिवार को कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इलाकों में सीमावर्ती समुदायों और सुरक्षा बलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए तथा सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचे एवं अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोसीराम सिराम ने उपरी सुबनसिरी के टक्सिंग सेक्टर के चार दिन के दौरे के बाद ये बातें कही हैं।
इस दौरे के दौरान उन्होंने और पार्टी के अन्य नेताओं ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर स्थानीय लोगों एवं सुरक्षा कर्मियों से बातचीत की।
सिराम ने एक बयान में कहा, ‘‘जो लोग सीमावर्ती इलाकों की बात करते हैं, उनमें वहां तक पहुंचने, लोगों से मिलने और जमीनी हकीकत को समझने का साहस भी होना चाहिए। टक्सिंग भारत का कोई दूर-दराज का कोना नहीं है, बल्कि यह भारत की अग्रिम पंक्ति (फ्रंटलाइन) है।’’