आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने ओमान तट के निकट एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी सैन्य हमले के बाद पलाऊ के ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेलों पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मौत की बृहस्पतिवार को पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि शव बरामद कर उनकी पहचान कर ली गयी है। पहले इन नाविकों को लापता बताया गया था।
सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पलाऊ के ध्वज वाले एमटी सेटेबेलो जहाज पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, जिन तीन भारतीय नाविकों को पहले लापता बताया गया था, उनके शव अब बरामद कर लिए गए हैं और उनकी पहचान कर ली गयी है।’’
मंत्री ने कहा कि यह ‘‘हमारे समुद्री परिवार के लिए गहरा आघात’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस कठिन समय में मोदी सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’