BL Agro to invest Rs 7,000 crore in edible oil, dairy and agriculture sectors in Tanzania over 10 years
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बरेली स्थित बीएल एग्रो ने वैश्विक बाजार में कदम रखने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। कंपनी अगले 10 साल में तंजानिया में खाद्य तेल, डेयरी, कृषि, अनुसंधान और विनिर्माण क्षेत्रों में 7,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
विदेश में विस्तार की यह योजना वर्ष 2030 तक 30,000 करोड़ रुपये का समूह बनने की कंपनी की महत्वाकांक्षा का हिस्सा है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक आशीष खंडेलवाल ने कहा, ‘‘हमने 7,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई है। इसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों के लिए मूल्य सृजन करने वाली दीर्घकालिक साझेदारियां बनाना है। इसके जरिये भारतीय विशेषज्ञता, प्रौद्योगिकी और उद्योग के अनुभव को तंजानिया तक पहुंचाने की भी योजना है।’’
खंडेलवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में बताया कि शुरुआत में निवेश कंपनी की आंतरिक कमाई से किया जाएगा। कंपनी बैंक ऋण लेने के विकल्प पर भी विचार कर रही है, जिसमें प्राथमिकता रियायती दरों पर कर्ज लेने की होगी। इसके अलावा, शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना भी धन जुटाने का एक विकल्प है। हालांकि आईपीओ (आरंभिक सार्वजनिक निर्गम) लाने का विचार अभी ‘‘बहुत शुरुआती चरण’’ में है।
उन्होंने बताया कि तंजानिया को पहले विदेशी गंतव्य के रूप में वहां बड़ी मात्रा में उपलब्ध भूमि और अनुकूल जलवायु के कारण चुना गया है।
तंजानिया सरकार रियायती दरों पर सात लाख हेक्टेयर जमीन 99 साल के पट्टे पर उपलब्ध करा रही है। कृषि और पशुपालन गतिविधियों के लिए इस जमीन के एक हिस्से पर सरकार संयुक्त उद्यम भागीदार के रूप में भी शामिल होगी।
पहले चरण में बीएल एग्रो करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश से खाद्य तेल परिसर स्थापित करेगी, जिसकी प्रसंस्करण क्षमता प्रतिदिन 1,100 टन होगी। स्थानीय स्तर पर सूरजमुखी के बीजों की उपलब्धता को देखते हुए यह संयंत्र मुख्य रूप से सूरजमुखी तेल पर केंद्रित होगा। इसके अप्रैल 2027 तक चालू होने की योजना है।
कंपनी अपने उत्पाद ‘नरिश’ ब्रांड के तहत बेचेगी।