BJP will get 'extraordinary pro-incumbency' mandate for the third time in Assam: Singhal
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के वरिष्ठ मंत्री अशोक सिंघल ने दावा किया है कि राज्य की जनता विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ‘असाधारण सत्ता समर्थक’ जनादेश देगी।
सिंघल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में दावा किया कि भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जनादेश के साथ सत्ता में वापसी करेगी और सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने की अपनी यात्रा को आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘जनता सत्ता के पक्ष में असाधारण और ऐतिहासिक जनादेश देगी और सत्तारूढ़ राजग गठबंधन को इतनी सीटों पर जीत मिलेगी जिसकी संख्या किसी ने सोची नहीं होगी।’’
सिंघल लगातार तीसरी बार ढेकियाजुली विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने के मकसद से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने दावा किया कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों द्वारा जीती जाने वाली सीटों की संख्या "सौ के आंकड़े तक पहुंच सकती है"।
उन्होंने कहा ‘‘ये संख्या बड़ी लग सकती हैं...लेकिन ऐसा हो सकता है, माहौल बेहद उत्साहजनक है और भाजपा के पक्ष में है।’’
सिंघल ने दावा किया कि कांग्रेस “अप्रासंगिक” हो गई है और निर्वाचन क्षेत्रों में उसकी पैठ नहीं है, उसके उम्मीदवार “हतोत्साहित” हैं।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस के उम्मीदवार कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार भी नहीं कर रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि वे हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं।”
चुनाव से पहले प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रम ने ‘‘कांग्रेस का मनोबल गिराया है और भाजपा को मजबूत किया है।’’