आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने विधानसभा चुनाव में जीत का विश्वास जताते हुए सोमवार को कहा कि लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया है।
विधानसभा की 293 सीट के लिए मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। तृणमूल लगातार चौथी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाकर इतिहास रचने की उम्मीद कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा राज्य में अगली सरकार बनाएगी।
अधिकारी नंदीग्राम से फिर चुनाव जीतने की कोशिश में हैं और भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार बनाएगी।’’
अधिकारी ने दावा किया कि इस चुनाव में मुस्लिम मतदाता पूरी तरह तृणमूल के साथ नहीं गए और हिंदू मत भाजपा के पक्ष में एकजुट हुए हैं।
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पार्टी की प्रचंड जीत का विश्वास जताया।
भट्टाचार्य ने कोलकाता में एक मतगणना केंद्र के बाहर कहा, ‘‘राज्य की जनता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को पहले ही खारिज कर दिया है और कुछ घंटों में अधिकतर सीट के नतीजे इसकी पुष्टि कर देंगे कि ममता बनर्जी और लोगों के बीच की लड़ाई में जनता ने ममता बनर्जी को खारिज कर दिया है।’’