आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने सोमवार को कहा कि असम में सत्ता समर्थक माहौल बना हुआ है, जबकि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में सत्ता विरोधी लहर भाजपा के पक्ष में है।
पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के रुझानों में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) तीसरे स्थान पर है, क्योंकि दक्षिणी राज्य के लोग द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन को सत्ता से बाहर करना चाहते हैं।
भाजपा नेता ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, “एक (असम) राज्य सत्ता समर्थक रुझान दिखाता है, जबकि दूसरा (पश्चिम बंगाल) राज्य सत्ता विरोधी रुझान दिखाता है। इसलिए जहां भी भाजपा सत्ता में है, सत्ता समर्थक रुझान जारी रहता है, चाहे वह राष्ट्रीय स्तर पर हो या राज्य स्तर पर।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्वी राज्य में सत्ताधारी तृणमूल सरकार में व्याप्त “भ्रष्टाचार” भी उसकी संभावित हार का एक कारण है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीनतम रुझानों के अनुसार, भाजपा पश्चिम बंगाल के 294 में से 154 निर्वाचन क्षेत्रों और असम के 126 में से 79 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे है, जो दोनों राज्यों में पार्टी की संभावित जीत का संकेत देता है।