एथर एनर्जी का जनवरी-मार्च तिमाही में शुद्ध घाटा 57 प्रतिशत कम होकर 100 करोड़ रुपये

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-05-2026
Ather Energy's net loss narrows 57% to Rs 100 crore in the January-March quarter
Ather Energy's net loss narrows 57% to Rs 100 crore in the January-March quarter

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
एथर एनर्जी का जनवरी-मार्च तिमाही में शुद्ध घाटा 57 प्रतिशत घटकर 100.23 करोड़ रुपये रह गया जो पिछले वर्ष समान अवधि में 234.36 करोड़ रुपये था।
 
बेंगलुरु स्थित इलेक्ट्रिक दोपहिया विनिर्माता कंपनी पिछले साल मई में शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई थी।
 
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन आय 74 प्रतिशत बढ़कर 1,174.66 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वर्ष समान अवधि में 676.8 करोड़ रुपये थी।
 
समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध घाटा 517.17 करोड़ रुपये रहा, जो 2024-25 में 812.28 करोड़ रुपये था। वहीं, परिचालन आय सालाना आधार पर 2,255.01 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,671.76 करोड़ रुपये हो गई।
 
कंपनी के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण मेहता ने बयान में कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2025-26 हमारे लिए मात्रा, बाजार हिस्सेदारी और वित्तीय प्रदर्शन के लिहाज से शानदार रहा है। हमने मजबूत उत्पाद-आधारित विकास के माध्यम से मांग बढ़ाने और वितरण के जरिये इसे व्यापक स्तर पर पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित किया है।’’