आगामी वर्षों में बिहार का पूरा आधारभूत ढांचा बदल जाएगा : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-05-2026
Bihar's entire infrastructure will change in the coming years
Bihar's entire infrastructure will change in the coming years

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि आने वाले वर्षों में विभिन्न संपर्क परियोजनाओं के जरिए राज्य के पूरे आधारभूत ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।

वह पटना के मंदिरी इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता नितिन नवीन के दिवंगत पिता नवीन किशोर सिन्हा के नाम पर पटना के मंदिरी नाला को ढक कर बनाई गई सड़क ‘‘नवीन किशोर सिन्हा पथ’’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
 
नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से चार बार भाजपा विधायक रहे थे।
 
मंदिरी क्षेत्र से गांधी मैदान के निकट काली मंदिर तक जाने वाले नवीन सिन्हा पथ का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले चरण में इस सड़क को 31 मार्च, 2027 तक मरीन ड्राइव से जोड़ दिया जाएगा।
 
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मंदिरी क्षेत्र लंबे समय से भीषण यातायात जाम की समस्या से जूझ रहा था। यह वैकल्पिक मार्ग पूरे इलाके की तस्वीर बदल देगा। नाले की वजह से वर्षों तक परेशान रहने वाले लोग अब इस क्षेत्र को एक व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होते देखेंगे।’’
 
चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नितिन नवीन को मंदिरी नाले के ऊपर चार लेन सड़क निर्माण परियोजना शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य संपर्क सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ नाले को ढंकना भी था।
 
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं 2014 में शहरी विकास मंत्री था, तब मैंने अशियाना-दीघा नाला पथ का प्रायोगिक निर्माण शुरू कराया था। उस समय नीतीश कुमार जी ने मुझे इस मॉडल को आजमाने के लिए प्रोत्साहित किया था।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रकार की सड़कें सैदपुर और राजीव नगर नालों के ऊपर भी बनाई जा रही हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार सरकार पटना के दोनों छोर पर नए शहर विकसित करने की योजना बना रही है। करीब 66,000 एकड़ में पाटलिपुत्र टाउनशिप विकसित करने की योजना है, जबकि गंगा के दूसरी ओर सोनपुर क्षेत्र में भी टाउनशिप निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई यात्रा से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।