Bihar: Lalu Prasad celebrated his 79th birthday by cutting a cake with his family.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बृहस्पतिवार को पटना में अपने परिवार के साथ केक काटकर अपना 79वां जन्मदिन मनाया।
लालू प्रसाद ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड पर परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिन का उत्सव मनाया।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और लालू प्रसाद के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लालू प्रसाद की केक काटते हुए, परिवार के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘हैप्पी बर्थडे पापा।’’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी लालू प्रसाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु से आपके स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।’’
राजद प्रमुख के जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता राबड़ी देवी के आवास के बाहर जुटे। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने नृत्य किया और मिठाइयां बांटीं।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल तथा विधायक भाई बीरेंद्र भी लालू प्रसाद को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने राबड़ी देवी के आवास पहुंचे।
लालू प्रसाद की पुत्री रोहिणी आचार्य ने ‘एक्स’ पर भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, ‘‘आज आपके जन्मदिन पर मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मेरी जिंदगी में आपकी जगह कोई नहीं ले सकता। आपने हर कदम पर मेरा हाथ थामा, गिरकर उठना और आगे बढ़ते रहना सिखाया तथा हर कठिनाई में ढाल बनकर साथ खड़े रहे। आपका प्यार, त्याग और आशीर्वाद मेरी सबसे अनमोल पूंजी है। ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है कि आपको लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य मिले और आपका आशीर्वाद हमेशा मेरे सिर पर बना रहे। जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं पापा।’’