विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है बिहार: सीईओ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-10-2025
Bihar is fully prepared for assembly elections: CEO
Bihar is fully prepared for assembly elections: CEO

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के कुछ घंटे बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विनोद सिंह गुंजियाल ने सोमवार को कहा कि राज्य चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
 
सिंह ने पत्रकारों से कहा, “चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।”
 
उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 13,911 शहरी और 76,800 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं, प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 818 मतदाता होंगे।
 
उन्होंने कहा कि जिन केंद्रों पर पहले 1,200 से अधिक मतदाता थे, वहां मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए जाने हैं।
 
सीईओ ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी।
 
उन्होंने बताया कि 292 मतदान केंद्र दिव्यांगजन, 1,044 केंद्र महिलाएं और 38 केंद्र युवा संचालित करेंगे। इसके अलावा लगभग 1,350 आदर्श मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां आदर्श चुनाव पद्धतियां प्रदर्शित की जाएंगी।
 
सीईओ ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लगभग 4.5 लाख कर्मी तैनात रहेंगे। सभी रिटर्निंग अधिकारी (आरओ), पुलिस और प्रवर्तन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदाता सूचना पर्चियां मतदान की तारीख से चार दिन पहले वितरित की जाएंगी ताकि मतदाताओं को अपने बूथ तक पहुंचने में सुविधा हो।
 
गुंजियाल ने बताया कि लोग चुनाव से जुड़ी जानकारी और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
 
उन्होंने बताया कि बिहार में कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 14.01 लाख प्रथम बार वोट डालने वाले मतदाता और 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 1.63 करोड़ मतदाता शामिल हैं।
 
इसके अलावा 10.16 लाख वरिष्ठ नागरिक, 1.63 लाख सेवा मतदाता और 3.49 करोड़ महिला मतदाता हैं।
 
निर्वाचन आयोग की डिजिटल पहलों में मतदान के दौरान हर समय मतदाताओं की उपस्थिति की जानकारी, डिजिटल इंडेक्स कार्ड, अनिवार्य वीवीपैट, और मोबाइल जमा केंद्र शामिल हैं। अब तक चार लाख से अधिक लोगों ने ईवीएम जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया है।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार किसी मतदान केंद्र को स्थानांतरित नहीं किया जाएगा और मतदान सामग्री के परिवहन में हेलीकॉप्टरों का उपयोग नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आचार संहिता (एमसीसी) सोमवार से प्रभावी हो गई है।