तरुण चुघ ने पंजाब बम धमाकों पर BJP को दोषी ठहराने पर भगवंत मान को मानहानि नोटिस भेजा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-05-2026
Bhagwant Mann for blaming BJP for Punjab bomb blasts
Bhagwant Mann for blaming BJP for Punjab bomb blasts

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जालंधर और अमृतसर में हुए दोहरे बम विस्फोट के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने वाली टिप्पणी करने पर मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा तथा कहा कि या तो मुख्यमंत्री अपने दावे का सबूत दें या फिर अपने पद से इस्तीफा दें।

पंजाब में सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास मंगलवार रात सिलसिलेवार हुए दो विस्फोट ने पूरे राज्य को दहला दिया और विपक्षी दलों ने इसकी निंदा करते हुए राज्य में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को निशाना बनाया।
 
मान ने दोनों विस्फोटों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि पार्टी राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी इसी तरह कर रही है।
 
पहला विस्फोट जालंधर में रात करीब आठ बजे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर हुआ, जबकि दूसरा धमाका रात करीब 11 बजे अमृतसर के खासा में सैन्य शिविर के पास हुआ।
 
भाजपा नेता चुघ ने बृहस्पतिवार को कहा कि मान ने बिना किसी सबूत के भाजपा पर बम विस्फोट में संलिप्त होने का आरोप लगाकर मुख्यमंत्री पद की गरिमा को पूरी तरह से ‘‘कमजोर’’ कर दिया है।
 
चुघ ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इसी वजह से उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि, अफवाह फैलाने और सार्वजनिक अशांति भड़काने की कोशिश करने के आरोप में कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री मान का बयान उनके अपने ही डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) के रुख के बिल्कुल विपरीत है। पंजाब पुलिस जहां पाकिस्तान की आईएसआई और विदेशी नेटवर्क की संलिप्तता की ओर इशारा कर रही है, वहीं मुख्यमंत्री राजनीतिक एजेंडे में व्यस्त हैं।’’
 
चुघ ने कहा कि जिस दिन पूरा देश ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर हमारे सशस्त्र बलों के साहस और शौर्य को नमन कर रहा है, उस दिन भाजपा जैसी लोकतांत्रिक और राष्ट्रवादी पार्टी को विस्फोट की घटनाओं से जोड़ने का मान का प्रयास न केवल एक राजनीतिक झूठ है, बल्कि लाखों भारतीयों के जनादेश तथा विश्वास का अपमान है।