बीएफआई ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में महासचिव प्रमोद कुमार को निलंबित किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-10-2026
BFI suspends general secretary Pramod Kumar over financial irregularities
BFI suspends general secretary Pramod Kumar over financial irregularities

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कथित वित्तीय अनियमितताओं, जांच में सहयोग नहीं करने और अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने के आरोप में महासचिव प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
 
अजय सिंह ने मंगलवार को जारी निलंबन आदेश में कुमार के खिलाफ कई आरोपों का हवाला दिया, जिनमें जरूरी मंजूरी के बिना प्रसारण व्यवस्था के लिए आदेश जारी करना भी शामिल है।
 
कुमार पर राष्ट्रीय चैंपियनशिप रद्द होने की जांच में सहयोग न करने और अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए अनधिकृत बैठक बुलाने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।
 
पीटीआई के पास मौजूद आदेश में लिखा है, ‘‘जांच पूरी होने तक या सक्षम पदाधिकारी द्वारा आदेश में संशोधन या उसे रद्द किए जाने तक बीएफआई संविधान के लागू प्रावधानों के तहत आपको तत्काल प्रभाव से महासचिव के पद से अंतरिम रूप से निलंबित किया जाता है।’’
 
आदेश के अनुसार, ‘‘यह अंतरिम सुरक्षा उपाय है और इसे आपके खिलाफ लगे आरोपों को लेकर अंतिम फैसला नहीं माना जाना चाहिए। आरोपों की जांच लागू प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी और अंतरिम निलंबन बीएफआई संविधान के तहत निर्धारित नियमों के अधीन रहेगा।’’