बेंगलुरु-लीमा साझेदारी: 10 अरब डॉलर व्यापार लक्ष्य

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-06-2026
Bengaluru-Lima Partnership: $10 billion trade target
Bengaluru-Lima Partnership: $10 billion trade target

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने पेरू की राजधानी लीमा और बेंगलुरु के बीच एक ऐतिहासिक ‘सिस्टर सिटी एग्रीमेंट’ का प्रस्ताव रखा है। इस पहल का उद्देश्य व्यापार, शिक्षा, नवाचार, स्वास्थ्य सेवा और संस्कृति के क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करना है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इसे पेरू गणराज्य के साथ आर्थिक एवं कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
 
आधिकारिक बयान के अनुसार, यह प्रस्ताव 28 जून को बेंगलुरु में आयोजित एक उच्चस्तरीय राजनयिक समारोह में रखा गया। यह समारोह पेरू गणराज्य के 205वें स्वतंत्रता दिवस और भारत-पेरू के बीच राजनयिक संबंधों के 63 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
 
इस अवसर पर परमेश्वर ने पेरू के लातिन अमेरिकी स्वतंत्रता आंदोलन और महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत के स्वतंत्रता संग्राम के बीच समानताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकतंत्र, दृढ़ता और समावेशी विकास जैसे साझा मूल्य दोनों देशों के संबंधों की आधारशिला हैं।
 
कर्नाटक की वैश्विक आर्थिक भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य, भारत के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सॉफ्टवेयर निर्यात और जैव प्रौद्योगिकी उत्पादन में 40 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है, जिससे वह देश का प्रमुख प्रौद्योगिकी एवं नवाचार केंद्र बन गया है।
 
उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट’ को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने एक बार फिर साबित किया है कि कर्नाटक दुनिया के सबसे आकर्षक निवेश स्थलों में से एक है।