Attack on Abhishek's residence was pre-planned, will approach Supreme Court: Mamata Banerjee
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास पर हमला पूर्व नियोजित था। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पुलिस पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का समर्थन करने के कारण उनकी पार्टी को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
आधी रात को कथित हमले के बाद अभिषेक के आवास के लिए रवाना हुईं ममता ने कहा कि वह कानून-व्यवस्था की बदहाली और डराने-धमकाने की घटनाओं को लेकर उच्चतम न्यायालय का रुख करेंगी।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘रात दो या तीन बजे भाजपा के गुंडे पुलिस के साथ मिलकर लोगों के घरों पर हमला कर रहे हैं। आप गुंडों को साथ लाकर आधी रात को लोगों के घरों पर हमला क्यों कर रहे हैं?’’
ममता ने भाजपा विरोधी समर्थकों, खासकर महिलाओं से सामने आकर अपनी आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने लोगों से कथित उत्पीड़न और डराने-धमकाने की घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया।
ममता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उनके कालीघाट स्थित आवास और पाटुआपाड़ा इलाके की ओर जाने वाली गली को अवरुद्ध कर रहे हैं, जिससे काली पूजा की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर लोगों को अपने काम करने से रोका जा रहा है।