आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दुर्गा पूजा के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि यह त्योहार सभी के जीवन में समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य लेकर आएगा।
दोनों नेताओं ने कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक यह त्योहार लोगों के बीच एकता की भावना को मजबूत करेगा।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, ‘‘दुर्गा पूजा बुराई पर अच्छाई की शाश्वत जीत का प्रतीक है और नयी उम्मीदों तथा उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है। मुझे उम्मीद है कि यह त्योहार सभी बुराइयों के खिलाफ लड़ने के लिए लोगों में एकता की भावना को मजबूत करेगा।’’
राज्यपाल ने देवी दुर्गा से सभी के जीवन को भक्ति, करुणा और प्रेम से भरने एवं सबको धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महा सप्तमी के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। मां दुर्गा हम सभी पर कृपा बनाए रखें और सबकी उन्नति व कल्याण सुनिश्चित करें।’’
पोस्ट के अनुसार, शर्मा ने आशा जताई कि मां दुर्गा के आशीर्वाद से हर घर में शांति, समृद्धि और खुशहाली आएगी तथा समाज में एकता और सद्भाव के बंधन मजबूत होंगे।