Calling the drought relief amount meager, the farmer sent Rs 5,000 to the Maharashtra Chief Minister.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र सरकार द्वारा सूखा प्रभावित किसानों के लिए घोषित अंतरिम वित्तीय सहायता को ‘मामूली’ बताते हुए धाराशिव जिले के एक सोयाबीन किसान ने विरोध जताने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 5,000 रुपये का ‘मनीऑर्डर’ भेजा है।
फडणवीस ने बुधवार को घोषणा की थी कि दीपावली से पहले किसानों के बैंक खातों में 5,000 रुपये की शुरुआती राहत राशि सीधे जमा की जाएगी।
यह घोषणा महाराष्ट्र में 85 प्रतिशत से अधिक तालुकाओं को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने के बाद की गई।
राज्य सरकार ने सूखा प्रभावित तालुकाओं की सूची में 40 और तालुकाओं को शामिल किया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में प्रभावित उपखंडों की कुल संख्या 358 में से 305 हो गई है।
फडणवीस ने कहा था कि किसानों को आगामी त्योहार से पहले तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए 5,000 रुपये देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा था कि प्रशासन द्वारा विस्तृत आकलन और केंद्र की आकलन प्रक्रिया में समय लगता है तथा कानूनी रूप से ये प्रक्रियाएं दीपावली से पहले पूरी नहीं हो सकतीं।
धाराशिव तहसील के सुरडी गांव के किसान चांद शेख ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को 5,000 रुपये का मनीऑर्डर भेजा है।
शेख ने दावा किया कि उन्हें सोयाबीन की फसल से महज 3,900 रुपये मिले और मनीऑर्डर भेजने के लिए उन्होंने एक मित्र से 1,100 रुपये उधार लिए।