युवा कांग्रेस के अध्यक्ष की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण: राहुल गांधी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-02-2026
Arrest of Youth Congress president a proof of dictatorial tendencies and cowardice: Rahul Gandhi
Arrest of Youth Congress president a proof of dictatorial tendencies and cowardice: Rahul Gandhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन के मामले में मंगलवार को पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण करार दिया और कहा कि सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है।
 
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘कम्प्रोमाइज्ड पीएम’ (समझौता कर चुके प्रधानमंत्री) के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज़ उठाई है।"
 
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है और यह समझौता किसानों और कपड़ा उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा भारत के डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा।
 
गांधी ने कहा, "इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है।"