आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के सीमांचल क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर हैं और वह शुक्रवार को पूर्णिया जिले में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में बिहार पुलिस और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। गृह मंत्री बुधवार को बिहार पहुंचे थे।
बृहस्पतिवार को अररिया में शाह ने भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में “अतिक्रमण” हटाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का आह्वान किया और क्षेत्र की “घुसपैठ” के प्रति संवेदनशीलता को रेखांकित किया।
यह निर्देश अररिया समाहरणालय में आयोजित बैठक में दिए गए, जिसमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सुपौल, सीतामढ़ी, किशनगंज और मधुबनी सहित छह अन्य सीमावर्ती जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा गृह मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय के अधिकारी भी उपस्थित थे।