टंबलर रिज हत्याकांड से पहले पुलिस को सूचित करने में ओपनएआई की नाकामी, ऑल्टमैन ने माफी मांगी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-04-2026
Altman apologizes for OpenAI's failure to notify police before the
Altman apologizes for OpenAI's failure to notify police before the

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 ओपनएआई के प्रमुख ने एक पत्र लिखकर माफी मांगी है कि उनकी कंपनी ने ब्रिटिश कोलंबिया के टंबलर रिज में आठ लोगों की गोली मारकर हत्या करने वाली आरोपी के ऑनलाइन व्यवहार के बारे में कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचित नहीं किया।

शुक्रवार को पोस्ट किए गए पत्र में सैम ऑल्टमैन ने पूरे समुदाय के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
 
ऑल्टमैन ने कहा, ‘‘मुझे बेहद खेद है कि हमने जून में प्रतिबंधित किए गए खाते के बारे में कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचित नहीं किया। मैं जानता हूं कि इतना कहना ही काफी नहीं पर मेरा मानना ​​है कि आपके समुदाय को जो नुकसान और अपूरणीय क्षति हुई है उसे स्वीकार करने के लिए माफी जरूरी है।’’
 
बृहस्पतिवार को लिखे गए इस पत्र को ब्रिटिश कोलंबिया के ‘प्रीमियर’ डेविड एबे के सोशल मीडिया और स्थानीय समाचार ‘वेबसाइट टंबलर रिजलाइन्स’ पर शुक्रवार को प्रकाशित किया गया।
 
पुलिस के मुताबिक, 10 फरवरी को जेसी वैन रूट्सलार नामक 18 वर्षीय कथित हमलावर ने उत्तरी ब्रिटिश कोलंबिया स्थित अपने घर में अपनी 39 वर्षीय मां जेनिफर जैकब्स और 11 वर्षीय सौतेले भाई एमेट जैकब्स की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह पास के टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल गई और वहां गोलीबारी की, जिसमें पांच बच्चों और एक शिक्षक की मौत हो गई। आखिर में उसने खुद को भी गोली मार ली।
 
इस हमले में 25 लोग घायल भी हुए।
 
गोलीबारी की घटना के बाद ओपनएआई ने खुद आगे आकर कहा कि पिछले साल जून में कंपनी ने दुरुपयोग का पता लगाने के प्रयासों के माध्यम से वैन रूट्सलार के खाते की पहचान ‘‘हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा देने’’ वाले खाते के तौर पर की थी।
 
सैन फ्रांसिस्को स्थित इस प्रौद्योगिकी कंपनी ने कहा कि उसने इस बात पर विचार किया कि क्या खाते को ‘रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस’ को सौंपना चाहिए या नहीं, लेकिन तब यह तय किया कि खाते की गतिविधियां इतनी गंभीर नहीं थीं कि कानून प्रवर्तन को सूचित किया जाए।
 
ओपनएआई ने जून में उसकी उपयोग नीति का उल्लंघन करने के लिए खाते पर प्रतिबंध लगा दिया।
 
एबे ने कहा कि अब लगता है कि ओपनएआई के पास सामूहिक गोलीबारी को रोकने का मौका था।