वायुसेना का जगुआर विमान चुरू जिले में दुर्घटनाग्रस्त

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 09-07-2025
Air Force's Jaguar aircraft crashed in Churu district
Air Force's Jaguar aircraft crashed in Churu district

 

जयपुर
 
भारतीय वायुसेना का एक जगुआर विमान बुधवार दोपहर राजस्थान के चुरू जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
 
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि घटना के तुरंत बाद से प्रशासन अलर्ट मोड पर है और राहत-बचाव कार्य के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
 
राजलदेसर के थानाधिकारी कमलेश ने बताया कि विमान दोपहर करीब 1.25 बजे भाणुदा गांव के एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटना स्थल के पास मानव शरीर के अंग मिले हैं।
 
दुर्घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें विमान का जलता हुआ मलबा मिला।
 
रतनगढ़ के वृत्ताधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि राजलदेसर और रतनगढ़ थाने से पुलिसकर्मी, दमकल विभाग और एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
 
दुर्घटना स्थल के आसपास विमान के टुकड़े भी बिखरे हुए देखे गए।
 
मुख्यमंत्री शर्मा ने 'एक्स' पर लिखा,‘‘चुरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। घटना के तुरंत बाद से प्रशासन अलर्ट मोड पर है और राहत-बचाव कार्य के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।’’
 
उन्होंने लिखा,‘‘ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति दें।’’