Adani Airports and Blinkit launch the country's first 'in-terminal' quick commerce service at Mumbai Airport.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने ब्लिंकिट के साथ साझेदारी में बुधवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत की पहली 'इन-टर्मिनल' त्वरित वाणिज्य सेवा (फटाफट सामान पहुंचाने) शुरू करने की घोषणा की।
यह सेवा वर्तमान में टर्मिनल-2 के घरेलू प्रस्थान क्षेत्र में शुरू हो गई है, जिसके माध्यम से ऐप आधारित वितरण सेवा को सीधे हवाई अड्डे के भीतर उपलब्ध कराया गया है।
इस सुविधा के तहत यात्री ब्लिंकिट ऐप के माध्यम से अपनी जरूरत का सामान मंगवा सकते हैं। यह सामान हवाई अड्डे के भीतर बोर्डिंग गेट, लाउंज, फूड कोर्ट और कुछ चुनिंदा केंद्रों पर सीधे यात्री के स्थान तक पहुंचाया जाएगा।
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के एक प्रवक्ता ने कहा, "टर्मिनल के भीतर ऐप आधारित सुविधा मिलने से यात्री अपने समय का बेहतर उपयोग कर सकेंगे और इससे सेवाओं के समग्र स्तर में भी सुधार होगा। यह कदम हवाई अड्डों को यात्रियों की जरूरतों के प्रति अधिक संवेदनशील और केंद्रित बनाने की दिशा में एक पहल है।"
इस सेवा के दायरे में यात्रा से जुड़े सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, खाने-पीने की वस्तुएं, पुस्तकें, बच्चों की देखभाल से जुड़े उत्पाद और व्यक्तिगत जरूरत की अन्य चीजें शामिल हैं।