‘आप’ 10 अक्टूबर को दिल्ली में कॉजपा के विरोध प्रदर्शन में शामिल होगी: संजय सिंह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-10-2026
AAP will join CJP's protest in Delhi on October 10: Sanjay Singh
AAP will join CJP's protest in Delhi on October 10: Sanjay Singh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन में आप के सदस्य भी हिस्सा लेंगे।

सिंह ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी के तेरहवीं में शामिल होने के बाद सिकंदरपुर में पत्रकारों से कहा कि यह प्रदर्शन ‘‘लोकतंत्र की रक्षा के लिए’’ किया जा रहा है।
 
सिंह ने कहा, ‘‘कॉजपा का यह प्रदर्शन लोकतंत्र बचाने के लिए है। हमने दो अक्टूबर को हुए प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया था। वोट चोरी रोकने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया समाप्त करने, कथित अनियमितताओं के जरिए राज्यों में कराए गए चुनावों को रद्द करने, मुख्य न्यायाधीश को चयन प्रक्रिया में शामिल करने और देशभर में मतपत्रों के जरिए चुनाव कराने की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को राष्ट्रव्यापी आंदोलन प्रस्तावित है।’’
 
सिंह ने अपनी पार्टी की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि पिछली बार भी दिल्ली में हुए प्रदर्शन में सभी दलों ने हिस्सा लिया था।
 
उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी, वामपंथी दल, बीजद (बीजू जनता दल) और हम भी उसमें शामिल थे। इस बार भी सभी लोग कॉजपा के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।’’