A jumping in front of a moving train in Uttar Pradesh.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में एक युवक एवं युवती ने उनके परिवारों द्वारा उनके प्रेम संबंध का कथित तौर पर विरोध किए जाने के कारण चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडे ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सरैया गांव के पास रेलवे पटरी पर एक युवक और युवती के गंभीर हालत में पड़े होने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पांडे ने बताया कि मृतकों की पहचान पड़ोसी गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज निवासी अर्जुन (21) और बखिरा थाना क्षेत्र के चिरैया गांव की निवासी लक्ष्मीना (19) के रूप में हुई है।
अधिकारी के अनुसार, अर्जुन लक्ष्मीना के जीजा का भाई था।
पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों चलती ट्रेन के आगे कूद गए और आशंका है कि उन्होंने परिवारों द्वारा उनके प्रेम संबंध का विरोध किए जाने के कारण यह कदम उठाया।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।