अयोध्या में दीपोत्सव पर दिखेगा विकास और संस्कृति का अनूठा संगम

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-10-2025
A unique confluence of development and culture will be seen during Deepotsav in Ayodhya.
A unique confluence of development and culture will be seen during Deepotsav in Ayodhya.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में नौवें दीपोत्सव पर न केवल दीपों की जगमगाहट होगी बल्कि प्रदेश के विकास और भारतीय संस्कृति का जीवंत उदाहरण भी देखने को मिलेगा। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
 
बयान के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए सूचना विभाग द्वारा 15 आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी जबकि पर्यटन संस्कृति विभाग रामायण के सातों कांड पर आधारित विषय पर झांकियां प्रस्तुत करेगा।
 
बयान में बताया गया कि देश के विभिन्न राज्यों की लोक कलाएं और नृत्य दीपोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।
 
जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि सूचना विभाग की झांकियां योगी सरकार के विकास कार्यों को दर्शाएंगी, जिनमें उत्तर प्रदेश में हुए बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सांस्कृतिक विकास जैसे क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
 
ये झांकियां प्रदेश की प्रगति और समृद्धि का प्रतीक होंगी।
 
उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा रामायण के सात कांड बालकांड, अयोध्याकांड, अरण्यकांड, किष्किन्धाकांड, सुंदरकांड, लंकाकांड और उत्तरकांड पर आधारित झांकियां तैयार की जा रही हैं।
 
अधिकारी ने बताया कि ये झांकियां भगवान राम के जीवन और रामायण की शिक्षाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी।
 
बयान में बताया गया कि इस बार दीपोत्सव में सांस्कृतिक विविधता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।