कुनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीते ने शावकों को जन्म दिया, देश में चीतों की कुल संख्या 38 हुई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-02-2026
A female leopard gives birth to cubs in Kuno National Park, taking the total number of leopards in the country to 38.
A female leopard gives birth to cubs in Kuno National Park, taking the total number of leopards in the country to 38.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में तीन चीता शावकों का जन्म हुआ है, जिससे भारत में चीतों की कुल संख्या 38 हो गई है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को यह घोषणा की।
 
यादव ने बताया, ‘‘दक्षिण अफ्रीका से भारत लायी गई मादा चीता गामिनी ने शावकों को जन्म दिया है। गामिनी दूसरी बार मां बनी है। इस शावकों का जन्म ऐसे समय हुआ है जब चीतों को दक्षिण अफ्रीका से भारत लाये जाने के तीन साल पूरे हुए हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह कुनो और भारत के लिए गर्व का क्षण है। ईश्वर से प्रार्थना है कि गामिनी और उसके तीनों नन्हें शावक और देश में चीतों को फिर से बसाने के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को आगे बढ़ाएं।’’
 
यादव ने कहा कि प्रत्येक चीते का जन्म ‘प्रोजेक्ट चीता’ को और मजबूत करता है और क्षेत्रीय कर्मचारियों और पशु चिकित्सकीय दलों का जुनून, धैर्य और समर्पण दर्शाता है।
 
वर्ष 2022-23 में नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से 20 चीते भारत लाए गए थे और इसी के साथ दुनिया में पहली बार किसी बड़े मांसाहारी जीव का अंतरमहाद्वीपीय स्थानांतरण सफलतापूर्वक पूरा किया गया।