एशियाई खेलों में भारत की नयी पहल, दुर्व्यवहार या उपेक्षा से निपटने के लिए सुरक्षा अधिकारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-09-2026
India's new initiative at Asian Games, security officials to deal with abuse or neglect
India's new initiative at Asian Games, security officials to deal with abuse or neglect

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) के अनिवार्य निर्देश के तहत नीतल नारंग एशियाई खेलों में भारत की पहली सुरक्षा (सेफगार्डिंग) अधिकारी होंगी।

इस बड़ी खेल प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ उत्पीड़न, दुर्व्यवहार या उपेक्षा से जुड़े मामलों में नीतल खिलाड़ियों के लिए संपर्क का मुख्य माध्यम होंगी।
 
नीतल भारतीय सॉफ्टबॉल संघ की अध्यक्ष हैं और वह पहले भारतीय मुक्केबाजी के प्रशासनिक ढांचे का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
 
उन्होंने खेलों में सुरक्षा अधिकारी के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) का आवश्यक प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम पूरा किया है। 20वें एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा।
 
नीतल ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह एक बहुत व्यापक भूमिका है जिसमें उपेक्षा जैसे छोटे मामलों से लेकर मानसिक उत्पीड़न और इससे भी गंभीर यौन उत्पीड़न जैसे मामलों को शामिल किया जाएगा। मेरा काम खिलाड़ियों को अपनी बात रखने के लिए एक सुरक्षित माहौल देना है, चाहे मामला मनोवैज्ञानिक दुर्व्यवहार, उत्पीड़न, धमकाने, उपेक्षा या अलग-थलग किए जाने का हो। ’’