Prominent personalities and candidates cast their votes early in the morning in Kerala.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू होते ही कई हस्तियों एवं उम्मीदवारों ने सुबह-सुबह मतदान केंद्र पहुंच अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
राज्य में 2.71 करोड़ से अधिक लोगों के पास मताधिकार है।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन अपनी पत्नी, बेटी और बेटे के साथ बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे कन्नूर जिले के पिनराई स्थित आरसी अमला बेसिक यूपी स्कूल में मतदान केंद्र तक पैदल पहुंचे। उनके साथ पार्टी के कई नेता भी मौजदू रहे।
चुनाव को निर्णायक बताते हुए विजयन ने कहा कि यह केरल का भविष्य निर्धारित करेंगे, क्योंकि अपना प्रदेश एक विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हम विकास हासिल करने में सफल रहे हैं और यह जारी रहना चाहिए। इसमें बाधा नहीं आनी चाहिए और लोग भी यही चाहते हैं कि विकास जारी रहे।’’
विजयन ने पिछले चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि 2019 में मिला जनादेश उसके किए गए काम को दिखाता है। सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 2019 में 2016 की तुलना में अधिक सीटें मिली थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमें विश्वास है कि इस बार भी जनता हमें अधिक सीटें देगी। हम जनता के साथ हैं और जनता हमारे साथ है।’’