बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने जम्मू कश्मीर की रणजी सफलता पर कहा, आज सपना सच हो गया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-02-2026
बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने जम्मू कश्मीर की रणजी सफलता पर कहा, आज सपना सच हो गया
बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने जम्मू कश्मीर की रणजी सफलता पर कहा, आज सपना सच हो गया

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के वर्तमान अध्यक्ष मिथुन मन्हास जब 2021 में जम्मू कश्मीर क्रिकेट संघ (जेकेसीए) के प्रबंधन से जुड़े तो उन्हें एक ऐसी संस्था में चीजों को ठीक करना पड़ा जो कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के आरोपों से जूझ रहा थी।

जम्मू कश्मीर की टीम ने बुधवार को जब पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई तो मन्हास थोड़ा भावुक हो गए।
 
मन्हास ने पीटीआई से कहा, ‘‘‘जब मैंने प्रशासक का पद संभाला था, तब यह इतना आसान नहीं था। बीसीसीआई के तत्कालीन सचिव जय शाह ने मुझे पूरी छूट दी थी और कहा था कि जम्मू कश्मीर की क्रिकेट को पटरी पर लाने के लिए जो भी जरूरी हो, वह करो।’’
 
जम्मू कश्मीर ने कल्याणी में खेले गए रणजी सेमीफाइनल में दो बार के पूर्व चैंपियन बंगाल पर छह विकेट से जीत हासिल की।
 
मन्हास ने कहा, ‘‘मैं टीवी पर मैच देख रहा था। मोहम्मद शमी और आकाश दीप जैसे खिलाड़ियों वाली बंगाल की टीम को हराना बहुत बड़ी उपलब्धि है। मेरे अंदर का क्रिकेटर भावुक है क्योंकि मैंने अपना प्रथम श्रेणी का करियर वहीं समाप्त किया और राज्य इकाई के साथ भी काम किया।’’
 
टीम के बारे में बात करते हुए मन्हास ने कहा कि वह जानते थे कि जम्मू कश्मीर में प्रतिभा की कमी नहीं है लेकिन वहां एक उचित व्यवस्था की जरूरत है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता को श्रेय देना चाहूंगा, जिन्होंने सराहनीय काम किया है। जब मैंने पद संभाला तो हमने प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित की।’’