दिल्ली में इन्फ्लूएंजा के लगभग 3,000 मामलों में से 2,308 एच1एन1 के: स्वास्थ्य मंत्री

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-08-2026
Of the nearly 3,000 cases of influenza in Delhi, 2,308 are H1N1: Health Minister
Of the nearly 3,000 cases of influenza in Delhi, 2,308 are H1N1: Health Minister

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि इस साल राष्ट्रीय राजधानी में इन्फ्लूएंजा के लगभग 3,000 मामले सामने आए हैं, जिनमें 2,308 मामले एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के हैं। उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

शहर में मौसमी इन्फ्लूएंजा के मामलों में वृद्धि के बीच स्वास्थ्य विभाग, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली छावनी बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में यह टिप्पणी की।
 
सिंह ने कहा, "डॉक्टरों, कर्मचारियों या दवाओं की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने आपातकालीन समीक्षा बैठक बुलाई है। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि कोई समस्या नहीं है, सब कुछ नियंत्रण में है।"
 
उन्होंने कहा कि नगर निकायों के साथ यह बैठक दिल्ली में एच1एन1 या मौसमी इन्फ्लूएंजा के साथ-साथ वेक्टर जनित बीमारियों को लेकर व्यवस्था और तैयारियों की समीक्षा के लिए की गई थी।
 
मंत्री ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो रहे हैं।