Donate blood, save lives: Chief Minister Vijay on National Voluntary Blood Donation Day
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बृहस्पतिवार को रक्तदान को सहजता से अपनाने वाला स्वस्थ समाज बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
आज राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर विजय ने मानव जीवन की रक्षा में स्वैच्छिक रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए एक सुदृढ़ समाज के निर्माण का आह्वान किया।
इस अवसर पर देशभर के रक्तदाताओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उन्हें ‘‘समाज के सच्चे जीवनरक्षक दूत’’ बताया और मानवता के प्रति उनके निस्वार्थ समर्पण की सराहना की।
विजय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमारे द्वारा दान की गई रक्त की हर बूंद न केवल एक मानव जीवन बचाती है, बल्कि एक परिवार की भविष्य की उम्मीद को भी सुरक्षित रखती है। रक्तदाताओं की निस्वार्थ सेवा और नेक मानवता हमेशा सराहनीय है।’’
मुख्यमंत्री ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में रक्त की आपूर्ति की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बड़ी सर्जरी, आघात के मामलों और चिकित्सकीय दुर्घटनाओं के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान अपरिहार्य बना हुआ है। उन्होंने नागरिकों से रक्तदान अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया, ताकि गंभीर मरीजों के लिए स्वास्थ्य संस्थानों में रक्त का पर्याप्त भंडार बना रहे।
इस अवसर पर जनता, विशेषकर युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए विजय ने स्वैच्छिक रक्तदान के संबंध में व्यापक सामुदायिक जागरूकता फैलाने की अपील की।