आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी चिप कंपनी क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने एक समझौते पर हस्ताक्षर करने की शुक्रवार को जानकारी दी। इसके तहत टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स असम में ‘क्वालकॉम ऑटोमोटिव मॉड्यूल’ का विनिर्माण करेगी।
कंपनियों की ओर से शुक्रवार को जारी संयुक्त बयान के अनुसार, इस सहयोग के साथ टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज के वैश्विक मॉड्यूल विनिर्माण साझेदार नेटवर्क में शामिल हो गई है जिसका उद्देश्य ‘मॉड्यूलर ऑटोमोटिव प्लेटफॉर्म’ की बढ़ती वैश्विक मांग को समर्थन देना है।
बयान में कहा गया, “ ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप, क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज अपने क्वालकॉम ऑटोमोटिव मॉड्यूल उत्पादों का विनिर्माण भारत में ‘जागीरोड’ (असम) में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आगामी सेमीकंडक्टर ‘असेम्बली’ एवं परीक्षण इकाई में करेगी।”
क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज के ऑटोमोटिव, इंडस्ट्रियल एवं एम्बेडेड आईओटी और रोबोटिक्स समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक नकुल दुग्गल ने कहा कि टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ यह साझेदारी कंपनी की स्वचालन विकास रणनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, ‘‘ उद्योग के एकीकृत, मॉड्यूल-आधारित ढांचे की ओर तेजी से बढ़ने से प्रमुख क्षेत्रों में विनिर्माण क्षमता का विस्तार आवश्यक हो जाता है।’’
क्वालकॉम इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सावी सोइन ने कहा, “ टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के माध्यम से भारत में विनिर्माण से भारतीय और वैश्विक स्तर पर ओईएम (मूल उपकरण विनिर्माण) को अधिक बल मिलेगा। साथ ही आपूर्ति शृंखला की मजबूती को समर्थन देने की हमारी क्षमता बढ़ेगी।”