योगेश जगताप/ बुलढाणा (महाराष्ट्र)
आज के दौर में जब मोबाइल स्क्रीन, सोशल मीडिया और छोटी छोटी वीडियो ने लोगों के पढ़ने की आदत को काफी हद तक प्रभावित किया है, तब महाराष्ट्र के एक छोटे से गांव में रहने वाला युवा किताबों के जरिए समाज में बदलाव की अलख जगा रहा है। उसके पास न कोई बड़ा संस्थान है, न कोई आर्थिक रूप से मजबूत पृष्ठभूमि और न ही किसी बड़े शहर का सहारा। इसके बावजूद उसने अपने जुनून और मेहनत से एक ऐसी पहचान बनाई है, जो शिक्षा और पुस्तक संस्कृति को लेकर नई उम्मीद पैदा करती है।
यह कहानी है महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के लोनार तालुका स्थित सुल्तानपुर गांव के मोइन काबरा की। पिछले करीब 12 वर्षों में 1,322 किताबें पढ़ चुके मोइन अब केवल पुस्तक प्रेमी नहीं हैं। वह ग्रामीण इलाकों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने, युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने और जरूरतमंद लोगों तक किताबें पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने अपने छोटे से अध्ययन कक्ष को 'स्टडी बंकर' नाम दिया है। यही जगह आज उनके सपनों, संघर्ष और सामाजिक बदलाव के अभियान का केंद्र बन चुकी है।
मोइन की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उनका सफर किसी संपन्न परिवार या सुविधाओं से भरे माहौल में शुरू नहीं हुआ। उनके पिता हारून काबरा दिहाड़ी मजदूर हैं और मां एलिजा गृहिणी हैं। परिवार में छोटा भाई फैजान भी है, जो फिलहाल 12वीं कक्षा में पढ़ रहा है और फोटोग्राफी में रुचि रखता है। मोइन ने गांव के जिला परिषद स्कूल से शुरुआती शिक्षा हासिल की। इसके बाद स्थानीय श्री शिवाजी हाई स्कूल में पढ़ाई की।

एक फिल्म ने बदल दी जिंदगी की दिशा
मोइन को बचपन में पढ़ाई से कोई खास लगाव नहीं था। स्कूल की किताबों से आगे बढ़कर कुछ पढ़ने की इच्छा भी बहुत मजबूत नहीं थी। लेकिन सातवीं कक्षा की गर्मियों की छुट्टियों में देखी गई एक फिल्म ने उनकी सोच बदल दी।
यह फिल्म जब्बार पटेल के निर्देशन में बनी 'डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर' थी। फिल्म में बाबासाहेब के संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने के उनके संकल्प ने मोइन को गहराई से प्रभावित किया।
उन्होंने तय किया कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएंगे। इसके बाद किताबें उनके जीवन का हिस्सा बनने लगीं।स्कूल के दिनों में ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में सोचना शुरू कर दिया था।
गांव के कुछ युवाओं को पुलिस में भर्ती होते देखकर उनका भी पुलिस अधिकारी बनने का सपना था। हालांकि, दो परिचित युवाओं ने उनकी अच्छी लंबाई और शैक्षणिक क्षमता को देखते हुए उन्हें यूपीएससी की तैयारी करने की सलाह दी। इस सलाह के बाद उन्होंने विज्ञान विषय चुना और 12वीं की पढ़ाई पूरी की।लेकिन धीरे धीरे इतिहास और साहित्य में उनकी दिलचस्पी बढ़ने लगी। विज्ञान में रुचि नहीं होने के कारण उन्होंने स्नातक के लिए कला विषय चुनने का फैसला किया।
पुणे का अनुभव और गांव लौटने का फैसला
यूपीएससी की तैयारी के लिए मोइन को लगा कि गांव से बाहर निकलना जरूरी है। इसी सोच के साथ वह पुणे पहुंचे। उन्होंने कोचिंग संस्थानों के बारे में जानकारी जुटाई और फीस का हिसाब लगाया। पहली यात्रा के बाद वह वापस गांव लौट आए। अगली बार आधी फीस लेकर पुणे पहुंचे और एक ऐसे कार्यक्रम में दाखिला लिया, जिसमें स्नातक की पढ़ाई के साथ यूपीएससी कोचिंग भी शामिल थी।
उन्हें उम्मीद थी कि संस्थान उनके रहने और खाने की व्यवस्था में भी मदद करेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रहने के लिए कमरा तलाशना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया। दिनभर भटकने के बावजूद उन्हें कोई उपयुक्त जगह नहीं मिली। एक नए शहर में अकेले रहने की कठिनाई और आर्थिक दबाव ने उन्हें परेशान कर दिया।
आखिरकार उन्होंने पिता को फोन किया और गांव लौटने का फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि वह गांव में रहकर ही अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे। कोचिंग की फीस वापस मिलने की उम्मीद भी नहीं थी।
पिता ने बेटे का हौसला बनाए रखा और उसे 25 हजार रुपये दिए। मोइन ने इस रकम से ऑनलाइन यूपीएससी कोचिंग के लिए स्टडीआईक्यू में दाखिला लिया। बाकी पैसे से एनसीईआरटी की किताबें और अध्ययन सामग्री खरीदी।
उन्होंने ओपन यूनिवर्सिटी में बीए में दाखिला लिया। घर के पास टिन की छत वाला एक छोटा कमरा बनवाया। वहीं उनकी पढ़ाई शुरू हुई। कमरे में किताबों के लिए एक छोटी अलमारी भी रखी गई। यही साधारण कमरा आगे चलकर 'स्टडी बंकर' के रूप में पहचाना जाने लगा।

बीमारी, आर्थिक संकट और किताबों से मिला सहारा
साल 2017 से मोइन ने पढ़ाई और किताबों को गंभीरता से समय देना शुरू किया। अगले दो वर्षों में उन्होंने 100 से अधिक किताबें पढ़ डालीं। 2018 में उन्होंने फेसबुक पर पढ़ी हुई किताबों के बारे में अपने विचार साझा करने शुरू किए। धीरे धीरे किताबों में रुचि रखने वाले लोग उनसे जुड़ने लगे।
लेकिन 2019 में उनकी जिंदगी में मुश्किल दौर आया। वह कई बीमारियों से घिर गए। स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण यूपीएससी की तैयारी प्रभावित हुई। देश में सीएए और एनआरसी को लेकर चल रही बहस तथा सामाजिक तनाव ने भी उनके मन पर असर डाला। इसके बाद कोरोना महामारी और लॉकडाउन ने परिस्थितियों को और कठिन बना दिया।
आखिरकार उन्होंने यूपीएससी की तैयारी छोड़ दी। आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए घर के पास एक छोटी किराने की दुकान शुरू की। दिन में दुकान संभालते और रात में स्कूली बच्चों को मुफ्त ट्यूशन देते। इसके बावजूद किताबों से उनका रिश्ता नहीं टूटा।
लॉकडाउन के दौरान वह खुले मैदान में पेड़ के नीचे बैठकर किताबें पढ़ते थे। डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर, हेनरी डेविड थोरो और मराठी साहित्य के लेखकों की रचनाएं उनके अध्ययन का हिस्सा बनीं।
उनकी फेसबुक पोस्ट ने पुणे के डॉक्टर प्रकाश कोयाडे और शरद तांडले का ध्यान आकर्षित किया। दोनों ने उन्हें किताबें भेजीं। इसी दौरान मोइन को एक महत्वपूर्ण बात समझ में आई। विदर्भ के दूरदराज के गांवों में किताबें आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं। पढ़ने की इच्छा रखने वाले युवाओं के पास भी अच्छी पुस्तकों तक पहुंचने के पर्याप्त साधन नहीं हैं।
15 हजार रुपये से शुरू हुआ किताबों का अभियान
मोइन ने इस समस्या का समाधान अपने स्तर पर तलाशने का फैसला किया। उन्होंने 15 हजार रुपये की किताबें खरीदीं और 'खज़ीना पुस्तकांचा' नाम से पुस्तक बिक्री का अभियान शुरू किया। फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों तक किताबों की जानकारी पहुंचाई।
शुरुआत छोटी थी, लेकिन प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही। कुछ ही महीनों में उन्होंने लगभग एक लाख रुपये की किताबें बेच दीं। इस पहल ने उन्हें भरोसा दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी किताबों के प्रति रुचि पैदा की जा सकती है।
उनके प्रयासों को 2022 में बड़ा सम्मान मिला। पुणे में उन्हें पहला 'सुपनाल कोल्टे साहित्य प्रेरणा पुरस्कार' प्रदान किया गया। इसके साथ करीब एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली। मोइन ने इस रकम का इस्तेमाल अपने अध्ययन कक्ष को बेहतर बनाने और नई किताबें खरीदने में किया।
उन्होंने अपने इस कमरे का नाम 'स्टडी बंकर' रखा। इसके पीछे एक दिलचस्प सोच है। मोइन के अनुसार, उनके आसपास का माहौल हमेशा पढ़ाई के अनुकूल नहीं रहा। पड़ोस में शराब की दुकान होने के कारण अक्सर झगड़े होते थे। लेकिन किताबों के बीच बैठकर उन्हें मानसिक शांति मिलती थी।
युद्ध और सैन्य इतिहास की किताबों में पढ़े गए बंकर शब्द से उन्हें अपने अध्ययन कक्ष का नाम रखने की प्रेरणा मिली। जिस तरह बंकर बाहर के हमलों से सुरक्षा देता है, उसी तरह उनका स्टडी बंकर आसपास की नकारात्मकता से दूर रहने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की जगह है।
आज उन्हें शिक्षा और पठन संस्कृति पर व्याख्यान देने के लिए विभिन्न संस्थानों से आमंत्रित किया जाता है। वह अब तक 70 से अधिक ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके हैं।

गांव से हैदराबाद तक पहुंचा शिक्षा का सफर
मोइन ने महसूस किया कि केवल स्नातक की डिग्री हासिल करना उनके लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने उच्च शिक्षा जारी रखने का फैसला किया और हैदराबाद के कौटिल्य स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी में दो वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम में दाखिला लिया।
महाराष्ट्र से बाहर निकलकर दूसरे राज्य में पढ़ाई करना उनके लिए एक नया अनुभव था। शुरुआत में भाषा और नए वातावरण को लेकर झिझक थी। लेकिन उन्होंने इस चुनौती का सामना किया। देश के अलग अलग हिस्सों से आए युवाओं से दोस्ती की और अपनी अंग्रेजी बेहतर बनाने पर भी काम किया।
इस दौरान उनके गांव में किताबों का अभियान जारी रहा। उनके सहयोगी पुस्तक बिक्री और पाठकों से संपर्क का काम संभालते रहे।महाराष्ट्र लौटने के बाद उन्होंने अपने अभियान को 'वी रीड' नाम दिया। इसके तहत 'बुक टॉक विद मोइन' के माध्यम से वह किताबों की जानकारी और उनसे मिली सीख साझा करते हैं। 'वी रीड सर्कल' के जरिए हर सप्ताह ऑनलाइन पठन सत्र आयोजित किया जाता है। इसमें लोग किताबों पर चर्चा करते हैं और अपने विचार साझा करते हैं।
मोइन अपने परिवार के पहले स्नातक हैं। लेकिन उनकी सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं है। वह अब तक गांव के दस लड़के और लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में जाने में मदद कर चुके हैं।
किताबों से सीखा धर्म, समाज और इंसानियत को समझना
मोइन के अध्ययन का दायरा केवल प्रतियोगी परीक्षाओं और साहित्य तक सीमित नहीं है। गौतम बुद्ध, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और अमेरिकी दार्शनिक हेनरी डेविड थोरो उनके प्रमुख आदर्श हैं।
भारत की सामाजिक और धार्मिक विविधता को समझने के लिए उन्होंने कुरान, भगवद्गीता, बाइबिल और ज्ञानेश्वरी का भी अध्ययन किया। इसके अलावा रिचर्ड डॉकिन्स और युवल नूह हरारी की किताबें पढ़कर तर्क, विज्ञान और मानव समाज से जुड़े विषयों को समझने की कोशिश की।
अब तक वह करीब 1,322 किताबें पढ़ चुके हैं। उनकी खास आदत यह है कि वह हर किताब से मिली महत्वपूर्ण बातों और विचारों को लिखकर सुरक्षित रखते हैं।मोइन मानते हैं कि किताबों ने उन्हें केवल जानकारी नहीं दी, बल्कि एक संवेदनशील इंसान बनने में भी मदद की। उनके शब्दों में, अध्ययन ने उनके भीतर और बाहर दोनों स्तरों पर बदलाव लाया है।
वह खास तौर पर वंचित तबकों और मुस्लिम समुदाय के युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना चाहते हैं। उनका मानना है कि अच्छी शिक्षा सामाजिक भेदभाव को कम करने और युवाओं को बेहतर अवसर दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

सम्मान से आगे अब 100 स्टडी बंकर बनाने का सपना
मोइन के काम को अब व्यापक पहचान मिलने लगी है। उन्हें 'ग्राम रत्न पुरस्कार' से सम्मानित किया जा चुका है। 15 अक्टूबर 2026 को मुंबई में महाराष्ट्र सरकार के भाषा निदेशालय ने उन्हें 'वाचन प्रेरणा पुरस्कार' प्रदान किया। दाभोलकर परिवार ने भी उनके प्रयासों की सराहना करते हुए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
लेकिन मोइन के लिए पुरस्कार उनकी यात्रा का अंतिम पड़ाव नहीं हैं। वह अपने गांव के स्टडी बंकर में निर्माण कार्य करा रहे हैं, ताकि सुल्तानपुर और महिकर क्षेत्र में इलाज के लिए दूरदराज से आने वाले जरूरतमंद लोग वहां ठहर सकें।
भविष्य में वह लोक नीति के क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने की योजना बना रहे हैं। उनका सबसे बड़ा सपना महाराष्ट्र में करीब 100 स्थानों पर स्टडी बंकर स्थापित करना है। ऐसी जगहें जहां गांव के बच्चे, युवा और आम लोग आकर किताबें पढ़ सकें और उन पर खुलकर चर्चा कर सकें।
आज जब बच्चों और युवाओं का बड़ा हिस्सा मोबाइल स्क्रीन और सोशल मीडिया पर समय बिता रहा है, मोइन किताबों की ओर लौटने की अपील कर रहे हैं। उनका मानना है कि पढ़ना केवल परीक्षा पास करने या नौकरी पाने का माध्यम नहीं है। यह इंसान की सोच, समझ और संवेदनशीलता को विकसित करने का रास्ता भी है।
सुल्तानपुर के एक छोटे से कमरे से शुरू हुई यह यात्रा अब ग्रामीण शिक्षा और पुस्तक संस्कृति के बड़े सपने में बदल रही है। मोइन काबरा की कहानी बताती है कि बदलाव के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। कभी कभी एक किताब, पढ़ने की जिद और समाज के लिए कुछ करने का इरादा भी एक नई शुरुआत बन सकता है।