आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी गूगल ने शनिवार को कहा कि वह उन्नत कृत्रिम मेधा (एआई) अनुसंधान को विकसित करने और गति देने के लिए आईआईटी खड़गपुर को 50 लाख डॉलर (करीब 46 करोड़ रुपये) की वित्तीय सहायता देगी।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने कहा कि अनुप्रयुक्त एआई अनुसंधान के लिए इस वित्तीय सहायता की परिकल्पना संस्थान के पूर्व छात्र एवं गूगल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने की है।
कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, ‘‘गूगल की ओर से आईआईटी खड़गपुर को 50 लाख डॉलर की वित्तीय सहायता देने का उद्देश्य उन्नत एआई अनुसंधान को बढ़ावा देने के साथ भारत की अगली पीढ़ी के वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों को तैयार करना है।’’
कंपनी के मुताबिक, इस सहयोग के तहत संस्थान के शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को तीन प्रमुख क्षेत्रों में सहायता दी जाएगी। इनमें उन्नत एआई अनुसंधान, शैक्षणिक अवसरों का विस्तार और एआई क्षमता निर्माण शामिल हैं।
उन्नत एआई अनुसंधान के तहत भारतीय भाषाओं, सामग्री विज्ञान, कृषि और शैक्षणिक प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए एआई के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा।
पिचाई ने कहा, ‘‘आईआईटी खड़गपुर भारतीय भाषाओं, कृषि और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम कर रहा है। गूगल इस नई साझेदारी के जरिए इन प्रयासों को गति देने को लेकर उत्साहित है।’’
उन्होंने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने उनके जीवन को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उन्हें उम्मीद है कि यह सहयोग विद्यार्थियों की अगली पीढ़ी के भविष्य को दिशा देने में मदद करेगा।