करण औजला के गानों पर झूमे विराट कोहली

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 22-06-2026
Virat Kohli grooved to Karan Aujla's songs.
Virat Kohli grooved to Karan Aujla's songs.

 

नई दिल्ली।

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक करण औजला ने दिल्ली में आयोजित वन8 ग्लोबल प्रीमियर इवेंट में दर्शकों का दिल जीत लिया। यशोभूमि में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों प्रशंसकों की मौजूदगी ने माहौल को और भी खास बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान करण औजला ने अपने सुपरहिट गीतों ‘विनिंग स्पीच’, ‘वेवी’ और ‘एमएफ गभरू’ की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी ऊर्जावान परफॉर्मेंस और दमदार स्टेज प्रेजेंस ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

शाम का सबसे खास पल तब आया जब करण औजला ने विराट कोहली को मंच पर आमंत्रित किया। इसके बाद उन्होंने अपने चर्चित गीत ‘विनिंग स्पीच’ को एक बार फिर गाया। विराट कोहली मंच पर उनके साथ खड़े होकर संगीत का आनंद लेते नजर आए। गीत की धुन पर कोहली का झूमना और दर्शकों की तालियों के बीच उनका उत्साह देखते ही बन रहा था।

जैसे ही विराट और करण एक साथ मंच पर दिखाई दिए, दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोनों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया। सोशल मीडिया पर भी इस पल की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे।

कार्यक्रम के दौरान विराट कोहली और करण औजला के बीच दिलचस्प बातचीत भी हुई। विराट ने खुलकर स्वीकार किया कि वह लंबे समय से करण औजला के प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा कि औजला के गीतों में संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी झलकती है, जिससे वह खुद को जोड़ पाते हैं।

विराट ने कहा, “मैं काफी समय से करण का बड़ा प्रशंसक हूं। आप अपने गीतों के माध्यम से अपनी कहानी सुनाते हैं। ‘विनिंग स्पीच’ वह गीत है जिससे मैं सबसे अधिक जुड़ाव महसूस करता हूं। जब मैं युवा था, तब मेरी यात्रा और इस गीत की भावना में काफी समानता नजर आती है। यह गाना मेरे लिए बेहद खास है और मैं मैच खेलने जाने से पहले इसे अक्सर सुनता हूं।”

विराट की इस टिप्पणी ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया। करण औजला भी कोहली की सराहना से बेहद खुश नजर आए।

कार्यक्रम में क्रिकेट और संगीत के अलावा फैशन की भी झलक देखने को मिली। मशहूर फैशन डिजाइनर मसाबा गुप्ता ने वन8 की फैशन आइकन के रूप में रैंप वॉक किया। उनकी मौजूदगी ने इवेंट में ग्लैमर का तड़का लगा दिया।

वन8 ग्लोबल प्रीमियर इवेंट में बड़ी संख्या में प्रशंसक, फैशन प्रेमी और सेलिब्रिटी शामिल हुए। विराट कोहली की मौजूदगी और करण औजला की शानदार प्रस्तुति ने इस आयोजन को दिल्ली के सबसे चर्चित कार्यक्रमों में शामिल कर दिया।

संगीत, फैशन और क्रिकेट का यह अनोखा संगम दर्शकों के लिए लंबे समय तक यादगार रहने वाला है।