आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लोकप्रिय सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का प्रीमियर तीन दिसंबर को होगा। प्राइम वीडियो ने बुधवार को यह घोषणा की।
यह सीजन दर्शकों को एक बार फिर सचिव जी के साथ फुलेरा गांव ले जाएगा।
यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, नया सीजन इस शो से दर्शकों के लंबे समय से जुड़े सांस्कृतिक जुड़ाव को आगे बढ़ाएगा।
‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का निर्माण द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने किया है। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक सहित पहले के कलाकारों की टोली लौट रही है।
इस शो का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसके निर्माता दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार हैं।
निर्माताओं के अनुसार, फुलेरा में अब एक नया प्रधान है और सभी यह जानने को उत्सुक हैं कि नए प्रधानपति के रूप में बनराकस ने क्या योजना बनाई है। सवाल यह है कि क्या वह फुलेरा को महान बना पाएगा या उसके वादे महज एक और दिखावा साबित होंगे? सत्ता में बदलाव के साथ फुलेरा में नई प्रतिद्वंद्विता और समीकरण भी बदलेंगे।
प्राइम वीडियो इंडिया में एसवीओडी कंटेंट अधिग्रहण के निदेशक एवं प्रमुख मनीष मेंघानी ने कहा, ''कुछ कहानियां समय के साथ हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाने के कारण खास बन जाती हैं। 'पंचायत' ऐसी ही एक कहानी है।''
उन्होंने कहा कि भारत की सबसे सफल और पहचानी जाने वाली वेब सीरीज में से एक का पांचवें सीजन के साथ लौटना गर्व की बात है। यह उपलब्धि सीरीज के शानदार सफर और दर्शकों के बीच उसकी निरंतर लोकप्रियता को दर्शाती है।
द वायरल फीवर (टीवीएफ) के अध्यक्ष विजय कोशी ने कहा कि फुलेरा और वहां के लोगों के प्रति दर्शकों के प्यार ने उनका यह विश्वास और मजबूत किया है कि ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कही गई साधारण कहानियां भी गहरी छाप छोड़ सकती हैं।