Prince William visits Karan Johar's Dharma Productions, gets a glimpse of Indian cinema
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम बुधवार को मुंबई में फिल्म निर्माता करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के कार्यालय गए और इस दौरान उन्हें भारतीय सिनेमा के गीत-संगीत, नृत्य और गर्मजोशी भरे आतिथ्य की झलक देखने को मिली।
जौहर ने प्रिंस विलियम को भारतीय सिनेमा की दुनियाभर में बढ़ती लोकप्रियता और देश में विभिन्न भाषाओं में बनने वाली फिल्मों के बारे में बताया। उन्होंने प्रिंस से पारिवारिक फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ देखने का भी आग्रह किया, जिसकी बड़े पैमाने पर शूटिंग ब्रिटेन में हुई थी।
फिल्म निर्माता ने एस. एस. राजामौली की तेलुगु ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आरआरआर’ को वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि समय के साथ भारतीय सिनेमा में काफी बदलाव आया है और अब देश के छोटे शहरों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानियों को अधिक महत्व दिया जा रहा है, जिनसे दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
ब्रिटिश राजगद्दी के उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम ने मुंबई के अंधेरी स्थित धर्मा प्रोडक्शंस के कार्यालय में करीब 45 मिनट बिताए। इस दौरान करण जौहर, अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री करीना कपूर खान और कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अपूर्व मेहता ने उनका स्वागत किया।
पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों के एक समूह ने 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के लोकप्रिय गीतों ‘से शावा शावा’ और ‘बोले चूड़ियां’ पर नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान फिल्म का शीर्षक गीत भी पृष्ठभूमि में बजता रहा।
मेहमानों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम स्थल की एक दीवार पर सजी पुरस्कारों की ट्रॉफियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।