आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रचार की अटकलें: दीया मिर्जा ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी को बताया ‘अभद्र’
अभिनेत्री दीया मिर्जा ने बुधवार को सोशल मीडिया पर अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को लेकर एक तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना ‘किसी बुरे सपने जैसा है’ और उन्हें बात करने की ‘तमीज’ नहीं है।
दीया के इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी और लोग इसके पीछे की वजह जानने में जुट गए। हालांकि, बाद में यह बात सामने आई कि दोनों कलाकार एक आगामी वेब सीरीज में साथ नजर आने वाले हैं, जिसके बाद इसके प्रचार की रणनीति होने की संभावना जताई जाने लगी।
मिर्जा ने अपनी इस तीखी टिप्पणी के पीछे कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। वहीं, नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने भी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
फिल्म ‘थप्पड़’ में अभिनय कर चुकीं मिर्जा ने बुधवार सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ और इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट साझा की।
‘एक्स’ पर उनकी पोस्ट को छह लाख से अधिक बार देखा गया, लेकिन दोपहर तक उन्होंने इसे हटा दिया।
मिर्जा ने लिखा, ‘‘नवाजुद्दीन सिद्दीकी-इनके साथ काम करना किसी बुरे सपने से कम नहीं है। न बात करने की तमीज है और नखरा अलग ही स्तर का है। बेहद अभद्र और आपत्तिजनक व्यवहार वाला व्यक्ति।’’
इंस्टाग्राम पर उनका पोस्ट अब भी मौजूद है, जिसे 20 हजार से अधिक लोगों ने ‘लाइक’ किया है।
दीया मिर्जा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी आगामी मेडिकल ड्रामा वेब सीरीज ‘डॉ. हसन’ में साथ नजर आने वाले हैं। यह सीरीज जियोहॉटस्टार पर 11 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।