आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आने वाली फिल्म ‘सूर्या’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। अभिनेता ने सोमवार को सोशल मीडिया पर फिल्म का मोशन पोस्टर साझा करते हुए बताया कि यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म का मोशन पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में अभिनेता सिगरेट पीते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म की टैगलाइन में अतीत और वर्तमान के बीच उलझे एक शख्स की कहानी और उसके सामने आने वाले सच की झलक दिखाई गई है।
एम. पद्मकुमार ने किया है निर्देशन
‘सूर्या’ का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है। फिल्म का निर्माण कमल मुकुट, दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने MM Moviez के बैनर तले किया है। फिल्म को सीधे सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म के पोस्टर के साथ साझा किए गए कैप्शन में लिखा गया, “अतीत और वर्तमान के बीच उलझा वह शख्स, जो सच का पर्दाफाश करता है।” इसके साथ फिल्म की रिलीज डेट 20 नवंबर 2026 की घोषणा की गई।
‘गदर 2’ के बाद फिर साथ आए सनी देओल और कमल मुकुट
निर्माता कमल मुकुट ने ‘सूर्या’ को एक आम आदमी की कहानी बताया, जो हर किसी के दिल को छू सकती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने सनी देओल को दो फिल्मों—‘गदर 2’ और ‘सूर्या’—के लिए साइन किया था। शुरुआत ‘गदर 2’ से हुई, जिसने इतिहास रच दिया।
अब ‘सूर्या’ के जरिए सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। फिल्म की कहानी और सनी देओल का अंदाज दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा सकता है।