आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनेता शाहरुख खान ने सोमवार को अपने 61वें जन्मदिन के अवसर पर प्रशंसकों के प्यार और शुभकामनाओं के लिए हाथ से लिखा आभार संदेश साझा किया। यह संदेश उनके आवास ‘मन्नत’ के बाहर लगी एक बड़े स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया।
अभिनेता आमतौर पर अपने घर की बालकनी से प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं, लेकिन इस साल उन्होंने मन्नत के बाहर जन्मदिन पर प्रशंसकों के सामने आने की अपनी परंपरा को छोड़ दिया। हालांकि, उन्होंने अपने प्रशंसकों से जुड़ने का एक अलग तरीका अपनाया। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में प्रशंसक मुंबई स्थित उनके आवास के बाहर एकत्र हुए।
‘मन्नत’ के बाहर प्रदर्शित संदेश में लिखा था, ‘‘आप सभी की शुभकामनाओं और प्यार के लिए धन्यवाद। मेरी ओर से भी आप सभी को ढेर सारा प्यार।’’
शाहरुख ने संदेश के अंत में लिखा, ‘‘ढेर सारा प्यार और एक बड़ी-सी झप्पी।’’
इस स्क्रीन पर उनकी आगामी फिल्म ‘किंग’ के दो विशाल पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। इनमें फिल्म के दो संवाद- ‘किंग अकेला काफी है’ और ‘डर नहीं, दहशत हूं’ शामिल थे।
अभिनेता ने मध्यरात्रि के समय फिल्म का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ भी जारी किया। सचिन-जिगर द्वारा संगीतबद्ध इस गाने को अरिजीत सिंह, एड शीरन और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है।