सलमान खान ने खुद ‘राजा शिवाजी’ में काम करने की इच्छा जताई: रितेश देशमुख

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-05-2026
Salman Khan himself expressed his desire to work in 'Raja Shivaji'
Salman Khan himself expressed his desire to work in 'Raja Shivaji'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अभिनेता रितेश देशमुख ने कहा कि सलमान खान फिल्म ‘‘राजा शिवाजी’’ का हिस्सा बनना चाहते थे, जिसके बाद उन्हें ऐसा खास किरदार गढ़ना पड़ा, जो सलमान के रुतबे के बराबर हो।

एक मई को रिलीज हुई यह फिल्म मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। रितेश देशमुख ने फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ इसके सह-लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाली है।
 
फिल्म में सलमान खान कैमियो भूमिका में नजर आते हैं। उन्होंने जीवा माहाला का किरदार निभाया है जो एक वीर योद्धा थे, जिन्होंने प्रतापगढ़ की लड़ाई में शिवाजी महाराज की जान बचाई थी।
 
रितेश देशमुख ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘एक दिन सलमान ने मुझसे कहा कि उन्हें ‘राजा शिवाजी’ का हिस्सा बनना है। मैंने इस बारे में सोचा नहीं था, लेकिन उन्होंने कहा, ‘तुम मेरे बिना फिल्म नहीं बना सकते, मुझे इसका हिस्सा बनना ही है।’ मैंने उनसे थोड़ा समय मांगा, क्योंकि अगर वह स्क्रीन पर आएंगे, तो उसका एक अलग महत्व होना चाहिए। आखिरकार वह सलमान खान हैं, लोगों को मजा आना चाहिए।’’
 
अभिनेता-निर्देशक रितेश ने कहा कि वह चाहते थे कि सलमान फिल्म में ऐसा किरदार निभाएं जो दर्शकों के दिल में उतर जाए।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता था कि वह एक खास किरदार अदा करें। वह किरदार सलमान खान से भी बड़ा लगना चाहिए और साथ ही प्रशंसक भी उसका आनंद उठाएं। फिर हमें यह किरदार मिला। मुझे पता था कि एक खास संवाद चाहिए जो बिल्कुल फिट बैठे। जब वह दृश्य पर्दे पर आया और वैसा असर छोड़ गया जैसा हम चाहते थे, तो वह पल शानदार था।’’
 
यह पहली बार नहीं है जब सलमान खान ने रितेश की फिल्मों में खास भूमिका निभाई हो। इससे पहले वह 2022 में रितेश के निर्देशन वाली पहली फिल्म ‘वेद’ में एक विशेष गाने में नजर आए थे। वहीं ‘‘लय भारी’’ में भी उन्होंने कैमियो किया था, जो मराठी सिनेमा में रितेश की पहली फिल्म थी।
 
‘‘राजा शिवाजी’’ फिल्मी सितारों से सजी फिल्म है। फिल्म में संजय दत्त ने अफजल खान, अभिषेक बच्चन ने संभाजी शाहजी भोंसले, विद्या बालन ने बड़ी बेगम, फरदीन खान ने मुगल बादशाह शाहजहां और अमोल गुप्ते ने आदिल शाह की भूमिका निभायी है।
 
रितेश ने कहा कि हिंदी फिल्म जगत के उनके दोस्तों ने सिर्फ प्यार और सम्मान की वजह से फिल्म में काम किया और किसी ने फीस के तौर पर एक रुपया तक नहीं लिया।
 
‘राजा शिवाजी’ ने मराठी और हिंदी दोनों भाषाओं में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 52.66 करोड़ रुपये की कुल कमाई की है।
 
फिल्म में महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री और जितेंद्र जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
 
फिल्म को जियो स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है और इसका निर्माण ज्योति देशपांडे तथा रितेश की पत्नी और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले किया है।