मुंबई (महाराष्ट्र)
लोकप्रिय कॉमेडी सीरीज 'पंचायत' के मेकर्स ने बुधवार को इसके पांचवें सीजन की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। OTT प्लेटफॉर्म अमेज़न प्राइम वीडियो ने बताया कि 'पंचायत' सीजन 5 का प्रीमियर 3 दिसंबर को होगा। 'द वायरल फीवर' (TVF) द्वारा निर्मित इस नए सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवार, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सानविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अपने पुराने और लोकप्रिय किरदारों में फिर से नजर आएंगे। इस सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है।
प्राइम वीडियो ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर यह घोषणा की। इस खबर को साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा, "थोड़ी तकरार, थोड़ा प्यार रहेगा, फुलेरा में आपका इंतज़ार रहेगा।" प्रेस नोट के अनुसार, "नया सीजन ड्रामा, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और काफी उथल-पुथल लेकर आ रहा है। फुलेरा को एक नया शासक मिल गया है, और हर कोई यह जानने के लिए उत्सुक है कि नए 'प्रधानपति' के रूप में बनराकस ने क्या योजना बनाई है। सवाल यह है कि क्या वह फुलेरा को बेहतर बना पाएगा, या उसके वादे सिर्फ एक दिखावा हैं? नई सत्ता के साथ नई प्रतिद्वंद्विताएं और फुलेरा में समीकरण भी बदलने वाले हैं।"
'पंचायत' भारत की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली और देखी जाने वाली सीरीज में से एक है, जिसे 'द वायरल फीवर' ने बनाया है। यह एक काल्पनिक कहानी है, जिसमें एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, नौकरी के सीमित अवसरों के कारण उत्तर प्रदेश के फुलेरा नामक एक काल्पनिक गांव में ग्राम पंचायत का सचिव बन जाता है। 'पंचायत' का पहला सीजन 2020 में रिलीज हुआ था।