संगीतकार रहमान सीमा सुरक्षा बल के सम्मान में प्रस्तुति देंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-06-2026
Music composer Rahman to perform in honour of Border Security Force
Music composer Rahman to perform in honour of Border Security Force

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
ऑस्कर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार ए आर रहमान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सम्मान में अटारी सीमा पर संगीतमय प्रस्तुति देंगे। यह घोषणा आने वाली फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के निर्माताओं ने की है।
 
यह कार्यक्रम रविवार को पंजाब की अटारी सीमा स्थित जेसीपी स्टेडियम में परेड समारोह के दौरान शाम साढ़े चार से साढ़े पांच बजे के बीच होगा। इसका शीर्षक 'जय हो - ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स' है।
 
इस प्रस्तुति का आयोजन फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के निर्देशक इम्तियाज अली की टीम कर रही है। यह देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले बीएसएफ के जवानों के सम्मान में अपनी तरह की पहली प्रस्तुति है।
 
इस कार्यक्रम में पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित रहमान के साथ फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, अभिनेता वेदांग रैना के साथ गायक मोहित चौहान, पूजा तिवारी और नरगिस भी शामिल होंगी।
 
इसके अलावा फिल्म निर्माता बिरला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और मोहित चौधरी के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
 
'मैं वापस आऊंगा' फिल्म में रैना के साथ दिलजीत दोसांझ, शर्वरी वाघ और नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिकाओं में हैं।
 
यह फिल्म इम्तियाज अली, संगीतकार एआर रहमान और गीतकार इरशाद कामिल की प्रसिद्ध तिकड़ी को एक बार फिर साथ लाई है, जिन्होंने इससे पहले 'रॉकस्टार', 'तमाशा' और 'अमर सिंह चमकीला' जैसी फिल्मों में एक साथ काम किया है।
 
यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।