माधुरी दीक्षित की नई फिल्म नेटफ्लिक्स पर मचा रही धूम, आखिर क्या है कहानी

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 11-06-2026
Madhuri Dixit's new film is making waves on Netflix; find out what the story is all about.
Madhuri Dixit's new film is making waves on Netflix; find out what the story is all about.

 

नई दिल्ली

 बॉलीवुड की सदाबहार अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने ओटीटी की दुनिया में एक बार फिर अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई है। उनकी नई फिल्म 'मां बहन', जो 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। रिलीज के कुछ ही दिनों में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेटफ्लिक्स की वैश्विक गैर-अंग्रेजी फिल्मों की सूची में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। इससे साफ है कि फिल्म को भारत ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय दर्शकों से भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल इस सूची में स्पेनिश फिल्म 'द मार्क्ड वुमन' पहले स्थान पर है, लेकिन 'मां बहन' को लेकर जिस तरह की चर्चा और सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, उससे उम्मीद जताई जा रही है कि यह जल्द ही शीर्ष स्थान पर पहुंच सकती है।

दर्शकों के प्यार से खुश हैं माधुरी दीक्षित

फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए माधुरी दीक्षित ने कहा कि दर्शकों का प्यार उनके लिए बेहद खास है। उनके अनुसार, इस फिल्म की कहानी उन्हें इसलिए आकर्षित कर गई क्योंकि इसमें भावनाएं, हास्य और यथार्थ का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलता है।

माधुरी ने कहा, "दर्शकों से मिल रही प्रतिक्रिया वास्तव में अद्भुत है। लोगों ने फिल्म के किरदारों, उनके रिश्तों के तनाव और पूरी कहानी में मौजूद ड्रामा और भावनात्मक उतार-चढ़ाव से खुद को जोड़ा है। यह मेरे लिए बेहद संतोषजनक अनुभव है।"

तृप्ति डिमरी के मोनोलॉग की हो रही खूब तारीफ

फिल्म में माधुरी दीक्षित के साथ अभिनेत्री तृप्ति डिमरी भी अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। खास तौर पर उनके एक लंबे मोनोलॉग की सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच काफी चर्चा हो रही है।

इस बारे में तृप्ति ने कहा कि वह दृश्य उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण था। उन्होंने बताया, "मैंने इस सीन के लिए काफी तैयारी की। जया के किरदार की भावनात्मक यात्रा और उसके भीतर दबी भावनाओं को समझने की कोशिश की। जिस तरह दर्शक इस दृश्य से जुड़ रहे हैं, उससे मैं बेहद खुश हूं।"

क्या है फिल्म 'मां बहन' की कहानी?

निर्देशक सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक मध्यमवर्गीय परिवार की कहानी पर आधारित है। कहानी की केंद्र में हैं रेखा, जिनका किरदार माधुरी दीक्षित ने निभाया है। वह एक अकेली मां हैं और अपनी दो बेटियों जया (तृप्ति डिमरी) और सुषमा (धरना दुर्गा) के साथ सामान्य जीवन जी रही हैं।

लेकिन कहानी तब अप्रत्याशित मोड़ लेती है जब एक दिन पड़ोस के एक व्यक्ति का शव अचानक उनके घर में मिल जाता है। इसके बाद मां और दोनों बेटियां इस रहस्यमयी घटना से निकलने की कोशिश करती हैं, लेकिन हर कदम पर उन्हें नई मुश्किलों, हास्यास्पद परिस्थितियों और खतरनाक घटनाओं का सामना करना पड़ता है। यही घटनाक्रम फिल्म को एक साथ कॉमेडी, थ्रिल और पारिवारिक ड्रामा का अनोखा मिश्रण बना देता है।

फिल्म में रवि किशन, गीतांजलि कुलकर्णी, अरुणोदय सिंह और शार्दुल भारद्वाज भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। मजबूत अभिनय, रोचक पटकथा और अप्रत्याशित घटनाओं से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को अंत तक बांधे रखने में सफल दिखाई देती है, यही वजह है कि यह नेटफ्लिक्स पर तेजी से ट्रेंड कर रही है।