ग्रेटर नोएडा
यमुना एक्सप्रेसवे के पास बने नए इंटरनेशनल फिल्म सिटी में फिल्म ‘Mom 2’ की शूटिंग के साथ आधिकारिक शुरुआत हो गई है। निर्माता Boney Kapoor ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की और इसे उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
बोनी कपूर ने बताया कि ‘Mom 2’ का निर्देशन Girish Kohli कर रहे हैं, जिन्होंने 2017 में आई फिल्म ‘Mom’ की कहानी भी लिखी थी। फिल्म का निर्माण बोनी कपूर और उनके पार्टनर अक्षय पुरी कर रहे हैं। एक्शन निर्देशन साउथ के मशहूर एक्शन डायरेक्टर विजयन कर रहे हैं।
फिल्म में बंगाल के लोकप्रिय अभिनेता Jisshu Sengupta अहम भूमिका में नजर आएंगे। साथ ही अभिनेत्री Karishma Tanna भी फिल्म में महत्वपूर्ण किरदार निभा रही हैं। बोनी कपूर ने कहा कि फिल्म में अलग अलग क्षेत्रों के तकनीशियन जुड़े हैं, जिससे प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिलेगी।
इंटरनेशनल फिल्म सिटी को लेकर बोनी कपूर ने कहा कि यह सिर्फ शूटिंग लोकेशन नहीं होगी। यहां थीम पार्क, एंटरटेनमेंट जोन, मीडिया सेंटर और पॉडकास्ट सेट जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। फिल्म, ओटीटी, टीवी सीरियल और डिजिटल कंटेंट के लिए यह एक बड़ा हब बनेगा।
उन्होंने एक खास घोषणा भी की। मौजूदा सेट पर ओटीटी प्रोजेक्ट्स की शूटिंग फिलहाल मुफ्त में की जा सकेगी। बोनी कपूर के मुताबिक यह एक प्रोत्साहन है, ताकि ज्यादा से ज्यादा निर्माता यहां आएं और फिल्म सिटी को पहचान मिले।
इस मौके पर बोनी कपूर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और प्रधानमंत्री Narendra Modi का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह अवसर मिला, इसके लिए वे आभारी हैं और इस परियोजना को और बड़ा बनाना चाहते हैं।
प्रेस नोट के अनुसार इंटरनेशनल फिल्म सिटी उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे निवेश बढ़ेगा और लगभग पांच लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।गौरतलब है कि ‘Mom’ वर्ष 2017 में रिलीज हुई थी, जिसमें दिवंगत अभिनेत्री Sridevi मुख्य भूमिका में थीं। अब ‘Mom 2’ के साथ यह नई फिल्म सिटी अपने सफर की शुरुआत कर चुकी है।