अर्सला खान /नई दिल्ली
भारतीय सिनेमा की चमकती हुई पहचान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रौशन करने वाली प्रियंका चोपड़ा आज अपना 43वां जन्मदिन मना रही हैं. मिस वर्ल्ड 2000 का खिताब जीतने से लेकर हॉलीवुड में बड़ा मुकाम हासिल करने तक, प्रियंका ने हर कदम पर खुद को साबित किया है. अभिनय, गायन, सामाजिक कार्य और उद्यमिता—हर क्षेत्र में उनकी मजबूत मौजूदगी महसूस की गई है.
इस खास मौके पर हम नजर डालते हैं उनकी कुछ ऐसी फिल्मों पर, जिन्होंने प्रियंका को बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक, एक ‘ग्लोबल सुपरस्टार’ बना दिया.
अंदाज़ (2003)
प्रियंका की डेब्यू फिल्म जिसमें उन्होंने लारा दत्ता और अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन साझा की। फिल्म में उनके आत्मविश्वासी अभिनय ने उन्हें फ़िल्मफेयर बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड दिलाया.
ऐतराज़ (2004)
इस थ्रिलर ड्रामा में निगेटिव रोल निभाकर प्रियंका ने दर्शकों को चौंका दिया। एक महत्वाकांक्षी महिला की भूमिका में उन्होंने इतनी गहराई दिखाई कि उन्हें फ़िल्मफेयर बेस्ट विलेन अवॉर्ड मिला.
मुझसे शादी करोगी (2004)
सलमान खान और अक्षय कुमार के साथ इस रोमांटिक कॉमेडी में प्रियंका का चुलबुला अंदाज़ दर्शकों को खूब भाया.
क्रिश (2006)
ऋतिक रोशन के साथ इस सुपरहीरो फिल्म में प्रियंका ने लीड रोल निभाया। फिल्म ने उनकी स्टारडम को नई ऊंचाई दी.
डॉन और डॉन 2 (2006, 2011)
शाहरुख खान के साथ रोमांचक एक्शन फिल्म डॉन में उनकी सशक्त उपस्थिति ने उन्हें कमर्शियल और क्रिटिकल दोनों ही सराहना दिलाई.
फैशन (2008)
मधुर भंडारकर की इस फिल्म ने प्रियंका के करियर को नया मोड़ दिया। एक सुपरमॉडल के उत्थान और पतन की कहानी में उनके दमदार अभिनय ने उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिलाया.
What's Your Raashee? (2009)
इस फिल्म में प्रियंका ने 12 अलग-अलग किरदार निभाकर सबको चौंका दिया। अभिनय की विविधता का यह उदाहरण आज भी याद किया जाता है.
सात खून माफ (2011)
विशाल भारद्वाज की इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर में प्रियंका ने एक ऐसी महिला का किरदार निभाया जो अपने सात पतियों की हत्या करती है। फिल्म में उनके अभिनय की हर तरफ तारीफ हुई.
बर्फी! (2012)
रणबीर कपूर और इलियाना के साथ इस संवेदनशील फिल्म में प्रियंका ने ऑटिस्टिक लड़की की भूमिका निभाई और एक बार फिर अभिनय का लोहा मनवाया.
मैरी कॉम (2014)
भारतीय बॉक्सर मैरी कॉम की बायोपिक में प्रियंका ने जबरदस्त मेहनत और समर्पण दिखाया। फिल्म को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सराहना मिली.
हॉलीवुड की उड़ान
Baywatch (2017)
ड्वेन जॉनसन के साथ प्रियंका ने विक्टोरिया लीड्स का किरदार निभाकर अपना हॉलीवुड डेब्यू किया.
Isn't It Romantic (2019)
इस रोम-कॉम में उन्होंने एक ग्लैमरस रोल निभाया और अमेरिकी दर्शकों का ध्यान खींचा.
The White Tiger (2021)
नेटफ्लिक्स की इस फिल्म में प्रियंका ने एक्टिंग के साथ-साथ प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभाई. फिल्म को ऑस्कर नॉमिनेशन भी मिला.
Citadel (2023)
अमेज़न प्राइम की इस ग्लोबल एक्शन सीरीज में उन्होंने रिचर्ड मैडन के साथ दमदार परफॉर्मेंस दी और इंटरनेशनल एक्शन हीरोइन के रूप में खुद को स्थापित किया.
आने वाली फिल्में
प्रियंका फिलहाल एक रोमांटिक ड्रामा और एक भारतीय माइथोलॉजिकल सीरीज़ पर काम कर रही हैं, जिसमें वे न केवल अभिनय करेंगी, बल्कि प्रोड्यूसर की भूमिका में भी होंगी.
प्रियंका चोपड़ा केवल एक अभिनेत्री नहीं, बल्कि प्रेरणा हैं—उन महिलाओं के लिए जो सपने देखती हैं, सीमाएं तोड़ती हैं और खुद को हर दिन बेहतर बनाती हैं. जन्मदिन के इस खास मौके पर उनके फैंस न सिर्फ उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं, बल्कि उनकी फिल्मों और योगदान को एक बार फिर सलाम कर रहे हैं.