चेन्नई।
अभिनेता धनुष की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'OM' (पूर्व में D55) का पहला लुक जारी कर दिया गया है। फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "Presenting the FIRST STRIKE of #OM. His arrival spells pure fire."
जारी किए गए टीजर में धनुष एक दमदार और विद्रोही अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह लोगों के रक्षक के रूप में दिखाई देते हैं, जो अंधेरे में कुछ लोगों की जान बचाने के लिए दुश्मनों से भिड़ते हैं। उनका यह एक्शन से भरपूर अवतार प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
फिल्म 'OM' में धनुष के साथ दिग्गज अभिनेता ममूटी, साई पल्लवी और श्रीलीला भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का लेखन और निर्देशन राजकुमार पेरियासामी ने किया है, जबकि संगीत साई अभ्यंकर ने दिया है।
निर्माताओं ने घोषणा की है कि 'OM' 16 अक्टूबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इससे पहले फरवरी में फिल्म की शूटिंग पारंपरिक मुहूर्त पूजा के साथ शुरू हुई थी। प्रोडक्शन हाउस वंडरबार फिल्म्स ने सेट से तस्वीरें साझा करते हुए लिखा था, "When all smiles led to a powerful start. Candid moments from the #D55 pooja."
फिल्म में साई पल्लवी की एंट्री की घोषणा करते हुए निर्माताओं ने लिखा था, "वह एक साथ सौम्यता और शक्ति का प्रतीक हैं। #D55 में सभी की पसंदीदा साई पल्लवी का स्वागत है।"
यह धनुष और साई पल्लवी की दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों 2018 में रिलीज हुई 'मारी 2' में साथ नजर आए थे।
वर्कफ्रंट की बात करें तो धनुष हाल ही में आनंद एल राय की 'तेरे इश्क में' और तमिल फिल्म 'कारा' में दिखाई दिए थे। 'तेरे इश्क में' एक ऐसे युवक की कहानी है जिसकी जिंदगी प्रेम-विछोह के बाद बदल जाती है, जबकि 'कारा' 1991 के खाड़ी युद्ध और उससे पैदा हुए वैश्विक ईंधन संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित है।