नई दिल्ली।
बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने अपनी बेटी दुआ का पहला जन्मदिन परिवार संग खास अंदाज़ में मनाया। इस मौके पर दीपिका ने अपनी नन्ही परी के लिए खुद के हाथों से केक तैयार किया और उसे प्यारा-सा सरप्राइज दिया।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक चॉकलेट केक की तस्वीर साझा की। तस्वीर में केक का कटा हुआ टुकड़ा और बीच में जलाई गई मोमबत्ती दिखाई दे रही है। इसके साथ दीपिका ने कैप्शन लिखा— “क्या आप जानते हैं कि मेरी प्रेम भाषा क्या है? अपनी बेटी के पहले जन्मदिन के लिए केक बना रही हूँ।”
गौरतलब है कि दीपिका और रणवीर ने अब तक अपनी बेटी दुआ का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है। बावजूद इसके, उनके जन्मदिन के जश्न पर फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर प्यार और शुभकामनाएँ भेजीं।
कई यूज़र्स ने कमेंट किया— “कृपया दुआ का चेहरा दिखाइए।” वहीं किसी ने लिखा— “क्या, एक साल हो गया? समय कितनी तेजी से बीतता है।”
पिछले साल दीपिका ने दिवाली के मौके पर अपनी बेटी का नाम उजागर किया था। उस वक्त उन्होंने दुआ के नन्हे पैरों की तस्वीर साझा की थी, जिसने फैंस को बेहद उत्साहित कर दिया था। तब से ही लोग बेसब्री से नन्ही स्टारकिड की पहली झलक का इंतज़ार कर रहे हैं।
हाल ही में दीपिका-रणवीर को बेटी संग एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। हालांकि, इस कपल ने उस वीडियो को खास तवज्जो नहीं दी, लेकिन इससे फैंस का जोश कम नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं और दुआओं की बाढ़ आ गई है।