बेन एफ्लेक ने ‘जस्टिस लीग’ की शूटिंग को करियर का सबसे खराब दौर बताया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-10-2026
Ben Affleck calls shooting for 'Justice League' the worst phase of his career
Ben Affleck calls shooting for 'Justice League' the worst phase of his career

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
हॉलीवुड अभिनेता और फिल्म निर्माता बेन एफ्लेक ने सुपरहीरो फिल्म ‘जस्टिस लीग’ में काम करने के अनुभव को अपने करियर का बेहद नकारात्मक दौर बताया है। साल 2017 में रिलीज हुई इस फिल्म में एफ्लेक ने ब्रूस वेन यानी बैटमैन का किरदार निभाया था।

इन दिनों एफ्लेक नेटफ्लिक्स पर आने वाली अपनी फिल्म ‘एनिमल्स’ के प्रचार में जुटे हैं। इसी दौरान उन्होंने जोश होरोविट्ज के पॉडकास्ट ‘हैप्पी सैड कन्फ्यूज्ड’ में ‘जस्टिस लीग’ की शूटिंग से जुड़े अनुभव साझा किए।
 
एफ्लेक ने कहा कि फिल्म पर काम करने का अनुभव उनके लिए कई कारणों से बेहद खराब रहा। इनमें उस समय उनकी निजी जिंदगी की परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के दौरान हुई एक दुखद घटना भी शामिल थीं।
 
उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने उन्हें यह समझने का मौका दिया कि जब कोई स्टूडियो और फिल्म का निर्देशक आपसी मतभेदों के बीच काम करते हैं, तो फिल्म निर्माण में बड़ी गलतियां हो सकती हैं। एफ्लेक के मुताबिक, यही टकराव फिल्म के लिए नुकसानदेह साबित हुआ।
 
निर्देशक की सोच और स्टूडियो के बीच मतभेद
 
साल 2016 में रिलीज हुई ‘बैटमैन वर्सेज सुपरमैन: डॉन ऑफ जस्टिस’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इसके बाद खबरें आईं कि स्टूडियो वार्नर ब्रदर्स ‘जस्टिस लीग’ को अधिक हल्के और मनोरंजक अंदाज में पेश करना चाहता था, जबकि निर्देशक जैक स्नाइडर की रचनात्मक सोच फिल्म के गहरे और गंभीर मिजाज पर आधारित थी।
 
फिल्म के निर्माण के दौरान स्नाइडर को अपनी बेटी की आत्महत्या के बाद निर्देशन से हटना पड़ा। इसके बाद वार्नर ब्रदर्स ने निर्देशक जॉस व्हेडन को फिल्म के बड़े हिस्से की दोबारा शूटिंग और संपादन की जिम्मेदारी सौंपी, ताकि फिल्म का अंदाज हल्का किया जा सके।